मेरठ/फलावदा। दो दिन से अपहृत छह साल की मासूम की गैंगरेप के बाद हत्या कर दी गई। शनिवार को बच्ची का खून से लथपथ शव मिलने पर परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। तीखी नोकझोंक के बीच पुलिस को एक घंटे तक शव नहीं उठाने दिया गया। एसपी देहात और एसडीएम ने परिजनों को किसी तरह समझाबुझाकर बच्ची का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
यह सनसनीखेज वारदात फलावदा थाना क्षेत्र की है। एक किसान की छह साल की बच्ची दो दिन पहले लापता हुई थी। परिजनों ने काफी तलाश करने के बाद फलावदा थाने में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फलावदा कस्बे में उर्स मेला लगा हुआ है। पुलिस को अंदेशा था कि मेले में झूले पर काम करने वाले दो लोगों ने बच्ची को अगवा किया है। एसपी देहात ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर शुक्रवार रात भर पूछताछ की। लेेकिन आरोपियों ने मुंह नहीं खोला।
सख्ती से पूछताछ के बाद शनिवार सुबह आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मासूम का शव ईख के खेत से निवस्त्र अवस्था में बरामद किया। बच्ची का शव मिलने की सूचना परिजन और ग्रामीणों को लगी तो भारी रोष व्याप्त हो गया। कुछ ही देर में सैकड़ों लोग की भीड़ मौके पर पहुंच गई। परिजनों और भीड़ ने ऐलान कर दिया कि जब तक आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं होगी, आर्थिक मदद नहीं मिलेगी और एसएसपी व डीएम मौके पर नहीं आएंगे, शव उठने नहीं दिया जाएगा। मौके पर पहुंचे एसपी देहात राजेश कुमार और एसडीएम अंकुर श्रीवास्तव ने बच्ची के परिजनों को शांत करते हुए बताया कि दोनों आरोपियों योगेश पुत्र भगवानदास निवासी थाना बन्नादेवी अलीगढ़ तथा पप्पू पुत्र कालू निवासी कानपुर को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।