गन्ना समिति परिसर में कार्यालय से बाहर बुलाकर शनिवार को पांच अज्ञात लोगों ने गन्ना आपूर्ति प्रभारी शिशुपाल के साथ मारपीट की। शोर मचाने पर आरोपी फायर करते हुए फरार हो गए। दिनदहाडे़ कार्यालय में फायरिंग होने से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी होने पर गन्ना समिति कर्मचारियों ने विरोध स्वरूप कार्यालय बंद कर धरना दिया। सूचना पाकर पुलिस तथा सीओ मौके पर पहुंचे तथा घटना की जानकारी ली। पीड़ित ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है।
गांव भंडौरा निवासी शिशुपाल पुत्र जयपाल सिंह गन्ना समिति मवाना में गन्ना आपूर्ति प्रभारी के रूप में कार्यरत है। शिशुपाल गन्ना समिति परिसर स्थित अपने कार्यालय में बैठकर काम कर रहे थे। दोपहर करीब साढे़ बारह बजे पांच लोग आए तथा उन्होंने चपरासी से शिशुपाल को बाहर भेजने के लिए कहा। चपरासी ने जब शिशुपाल को बताया कि उनके कोई जानने वाले बाहर खडे़ हैं। उनको बुला रहे हैं। जिस पर वे कार्यालय से बाहर निकले तो पांचों लोग उन पर टूट पडे़ तथा मारपीट करनी शुरू कर दी। शिशुपाल ने बचाव के लिए शोर मचाया तो कर्मचारी बचाव करने के लिए दौडे़ तो आरोपी फायर करते हुए फरार हो गए। इस प्रकार दुस्साहसी तरीके से कार्यालय परिसर में मारपीट करने तथा फायर करने की घटना से कर्मचारियों में रोष व्याप्त हो गया। उन्होंने तुरंत ही कार्यालय बंद करके धरना शुरू कर दिया। सूचना पाकर पुलिस तथा सीओ यूएन मिश्र मौके पर पहुंचे तथा शिशुपाल से घटना की जानकारी ली। शिशुपाल को चिकित्सकीय जांच कराई गई। शिशुपाल ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। एसएसआई करतार सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। शीघ्र ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने संभावना व्यक्त की कि यह पर्चियों को लेकर विवाद के कारण हुआ है। वहीं, शिशुपाल ने किसी से कोई दुश्मनी तथा विवाद नहीं होने की जानकारी दी है।
मुख्य बातें
गन्ना समिति कर्मचारियों ने विरोध स्वरूप कार्यालय बंद कर धरना दिया