भाई की बारात जाने से पहले युवक की पीटकर हत्या
मेरठ/सरधना। कपसाड़ गांव में चचेरे भाई की बारात जाने से पहले युवक की पीट पीटकर हत्या कर दी गई। शादी वाले परिवार में मातम छा गया। आरोप है कि गांव के एक युवक ने उसे बुलाकर अपने साथियों के संग मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस घटना के पीछे अवैध संबंध होने का शक जता रही है।
पुलिस के अनुसार सरधना थानाक्षेत्र के कपसाड़ गांव निवासी सुभाष पुत्र धर्मवीर के भतीजे विवेक की शादी की तैयारी चल रही है। सुभाष ने आरोप लगाते हुए बताया कि मंगलवार रात उसके बेटे संदीप (18) को गांव के ही मोहित ने कॉल कर कहीं पर आने को कहा था। उसके बाद संदीप मोहित से मिलने की बात कहकर घर से चला गया था। रात करीब दो बजे उसके घर पर कुछ लोगों ने आकर बताया कि संदीप को गांव के ही कुछ लोग लाठी- डंडो से बुरी तरह से पीट रहे हैं। संदीप की हालत गंभीर बनी हुई हैं। सूचना पर पहुंचे परिजन संदीप को मेरठ के चौरसिया नर्सिंग होम लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा।
सुभाष ने इस संबंध में गांव के ही मोहित पुत्र हरिओम, प्रदीप पुत्र मनवीर और सुधीर पुत्र शीशपाल के खिलाफ नामजद जबकि दो अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने नामजद आरोपी मोहित व उसके चाचा सुधीर को हिरासत में लिया हैं। एसओ सरधना धर्मेंद्र राठौर का कहना है कि मामले की जांच की जा रही हैं। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
खुशी के माहौल में मातम छाया
पुलिस के मुताबिक आठ फरवरी (आज) विवेक की बारात जानी थी। परिवार में खुशी का माहौल था। लेकिन संदीप की हत्या से परिवार की खुशी मातम में बदल गई। पोस्टमार्टम के बाद बुधवार शाम शव गांव में पहुंचा। परिवार के लोगों का रो रोकर बुरा हाल है। पुलिस के अनुसार ग्रामीणों में चर्चा है कि अवैध संबंध के चलते संदीप की हत्या हुई है। पुलिस इसकी जांच करने में जुटी है।
खास बातें:
सरधना केे कपसाड़ गांव में हुई वारदात, पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
कॉल करके बुलाया, अवैध संबंध में हत्या होने का शक जताया