मवाना। बोर्ड की परीक्षा देने जा रहे छात्र को मखदूमपुर मार्ग पर नहर पुल के निकट रोककर चाकू से हमला करके घायल कर दिया। इसके बाद हमलावर फरार हो गए। पीड़ित छात्र को सीएचसी में भर्ती कराया। घायल छात्र ने दो नामजद तथा दो अज्ञात निवासी माखननगर के खिलाफ तहरीर दी है।
गांव माखननगर निवासी आकाश पुत्र करतार सिंह अपने चचेरे भाई जॉनी के साथ सोमवार सुबह नवजीवन इंटर कॉलेज मवाना में कक्षा 12 की परीक्षा देने जा रहा था। वे करीब सात बजे नहर पुल पर पहुंचे तो वहां घात लगाए बैठे चार युवकों ने उसको रोक लिया तथा गालीगलौज शुरू कर दी। उसने विरोध किया तो एक आरोपी ने उसको जान से मारने दी धमकी देते हुए चाकू से हमला कर दिया। वह पेट एवं हाथ में चाकू लगने से जमीन पर गिर पड़ा तथा अन्य आरोपियों ने लाठी-डंडों से वार किया। शोर मचाने पर हमलावर हथियार लहराते हुए फरार हो गए। पुलिस ने घायल आकाश को सीएचसी में भर्ती कराया। वहीं, आकाश की तहरीर पर पुलिस ने गांव माखननगर निवासी कपिल, दीपक तथा दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसएसआई करतार सिंह का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज हो गई है, आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सात विद्युत कनेक्शन काटे
फलावदा। ग्राम महलका स्थित बिजलीघर के जय विद्यासागर ने बताया कि बकाया जमा नहीं करने पर गांव में अभियान चलाकर सात कनेक्शन काटे गए। वहीं, बिजली चोरी करते पकड़ गए लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी गई है।
मारपीट कर घायल किया
फलावदा। कस्बा निवासी आसिफ पुत्र बाबू ने बताया कि वह सोमवार दोपहर में पेट्रोल पंप के समीप खड़ा था। कस्बे के ही एक व्यक्ति ने उसके साथ लाठी-डंडे से मारपीट कर दी। वह मारपीट में घायल हो गया। घटना के संबंध में थाने में तहरीर दी है। रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी।