थाना क्षेत्र के कस्बा खिवाई में रविवार रात हुई मुठभेड़ में फरार हुए बदमाश पर पुलिस इनाम घोषित करने की तैयारी कर रही है। वहीं, पुलिस ने सोमवार को कस्बे के बदमाश समेत कई ग्रामीणों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। बदमाश की गोली से घायल हुए सिपाही की हालत में सुधार बताया है।
कस्बा खिवाई में लूट, डकैती एवं हत्या जैसे संगीन मामलों में फरार चले रहे आरोपी के साथ रविवार शाम मुठभेड़ हो गई थी। इस बारे में खिवाई इंचार्ज ने थाने में दर्ज कराए मुकदमे में बताया कि वे रविवार शाम दो सिपाही रवि कुमार एवं राहुल के साथ कस्बे के आरोपी नईम उर्फ मुंशी पुत्र सत्तार की तलाश में गये थे। वे कस्बे के निकट पहुंचे तो उन्हें नईम खड़ा दिखाई दिया। उसे पुलिस ने दबोच लिया। इस दौरान ग्रामीणों ने बदमाश का साथ देते हुए पुलिस पर पथराव कर दिया। इसका फायदा उठाकर आरोपी नईम तमंचे से सिपाही पर फायर करते हुए फरार हो गया। उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है। वहीं, खिवाई इंचार्ज सुरेंद्र कुमार की ओर से फरार आरोपी नईम एवं उसके भाई शकील के अतिरिक्त जान मोहम्मद समेत दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। बता दें कि आरोपी के साथ पुलिस की दो बार मुठभेड़ हो चुकी है। हालांकि आरोपी दोनों बार भाग निकलने में कामयाब रहा है। जिसके चलते पुलिस अब आरोपी पर इनाम घोषित करने की तैयारी कर रही है। वहीं, रात में पुलिस ने कस्बे में ताबड़तोड़ दबिशें दीं। हालांकि कोई भी आरोपी हत्थे नहीं चढ़ सका है।
मुख्य बातें
कस्बा खिवाई निवासी नईम उर्फ मुंशी की लूट, डकैती एवं हत्या के मामले में तलाश
नईम की गोली लगने से घायल सिपाही की हालत में सुधार बताया गया