मोहल्ला हीरालाल निवासी नकीब पुत्र यासीन ने एसपी देहात को दिए पत्र में मोहल्ले के ही एक व्यक्ति तथा उसके पुत्र की मलेशिया में नौकरी लगवाने के नाम पर 80 हजार रुपये हड़पने तथा मांगने पर कमरे में बंद करके मारपीट करने का आरोप लगाया है। पत्र में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराकर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
मोहल्ला हीरालाल निवासी नकीब पुत्र यासीन ने एसपी देहात को दिए पत्र में कहा कि वह बेरोजगार है तथा काम की तलाश में है। उसके मोहल्ले के ही एक व्यक्ति ने उससे कहा कि उसका पुत्र मलेशिया में है और अच्छे रुपये कमा रहा है। तुम्हें भी उससे कहकर मलेशिया भिजवा दूंगा। आरोपी ने फोन से अपने पुत्र से बात भी कराई। जिस पर आरोपी के पुत्र ने कहा कि 80 हजार रुपये उसके पिता को दे दो, वह तुम्हारा वीजा भेजकर बुला लेगा। काम दिलाने की पूरी जिम्मेदारी है। पिता-पुत्र की बात पर विश्वास कर उसने मोहल्ले के उक्त व्यक्ति को 80 हजार रुपये तथा पासपोर्ट दे दिया। मलेशिया पहुंचने पर उसको पता चला कि पिता-पुत्र ने उसके साथ धोखाधड़ी की है। आरोपियों ने उसको टूरिस्ट वीजा पर मलेशिया भेजा था। वहां उसको कोई काम नहीं मिला। बमुश्किल भारत के कुछ लोगों की मदद से वह वापस आ सका। उसने पिता-पुत्र से रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने गालीगलौज कर उसे कमरे में बंद कर दिया। इसके साथ उससे मारपीट की। शोर मचाने पर लोगों को एकत्र होता देख उसको छोड़ा। पत्र में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराकर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
मुख्य बातें
युवक ने लगाया रुपये मांगने पर कमरे में बंद करके मारपीट का आरोप
पीड़ित ने पिता-पुत्र के खिलाफ थाने में तहरीर दी