कुशीनगर की एक युवती को हरियाणा के युवक के हाथों बेचकर शादी कराए जाने का मामला सामने आया है। युवती के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने आरोपी दूल्हे समेत कुछ महिलाओं को पकड़ा। पुलिस की जांच में सामने आया है कि स्थानीय महिलाएं युवतियों को बेचकर शादी कराने का गिरोह चला रही हैं। पुलिस ने आठ आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर पांच को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी महिलाएं इसके पहले भी कई युवतियों को बेचकर शादी करा चुकी हैं।
कुशीनगर के जटहां थाना क्षेत्र के धनहा पखनवा गांव निवासी मुन्नी चौहान की 24 वर्षीय बेटी रीना चौहान की शादी चार साल पहले बाल्मीकनगर बिहार निवासी मनोज चौहान से हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद ही रिश्ता टूट गया। रीना ने भरण-पोषण के लिए कुशीनगर पडरौना में मुकदमा किया है। वह सिसवां बाजार में अपनी मौसेरी बहन के यहां रहकर मुकदमे की पैरवी करती है। कचहरी आने-जाने के दौरान उसकी मुलाकात गीता, ममता और आशा नाम की तीन महिलाओं से हुई। उन्होंने रीना की गरीबी और मजबूरी का फायदा उठाकर उसे अपने जाल में फंसा लिया। पुलिस के मुताबिक ये तीनों महिलाएं युवतियों को हरियाणा और पंजाब के उन परिवारों के युवकों को बेचती हैं, जिनकी शादी नहीं हो पाती है। रीना को उन्होंने हरियाणा के आदमपुर डांडी थाना व जिला चरखी दादरी निवासी नवीन कुमार जाट के हाथों शादी के नाम पर बेचने का सौदा किया था।
नशीला पदार्थ सुंघाकर कराई शादी
नवीन कुमार दूल्हा बनकर अपने बहनोई संजय, बहन सुनीता तथा रिश्तेदार राजेश उसकी पत्नी सरिता के साथ गोरखपुर आया। गीता, ममता और आशा मंगलवार को रीना को बुढ़िया माई मंदिर दर्शन करने की बात कहकर लाईं। यहां उन्होंने नशीला पदार्थ सूंघाकर रीना को अचेत कर दिया। इसके बाद नवीन से उसकी शादी करा दी। मंदिर में किसी को शक न हो, इसके लिए रीना की तरफ से गौरीबाजार देवरिया के रहने वाले बासदेव, ब्रह्मदेव व जय सिंह, गीता, ममता और आशा घराती बन गईं। इनमें से दो ने खुद को रीना का मां-बाप बताया। शादी के दौरान वीडियो और फोटो भी बनाई गई। सोनबरसा के पास होश में आने पर रीना ने शोर मचाया तो ग्रामीणों ने आरोपियों को दौड़ाकर पकड़ा और पुलिस के हवाले कर दिया। जिसके बाद बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ।
दूल्हा समेत आठ पर केस
जांच में मामला उजागर होने के बाद पुलिस ने रीता की मौसेरी बहन की तहरीर पर गिरोह चलाने वाली ममता, गीता, आशा, देवरिया के गौरीबाजार चैनपुर निवासी बासुदेव, उदयभान, जय सिंह, दूल्हा बने नवीन उसके बहनोई संजय, राजेश, नवीन की बहन सुनीता देवी तथा राजेश की पत्नी सरिता देवी के खिलाफ अपहरण, साजिश करने, धोखाधड़ी बेचने, जबरन शादी कराने की गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर नवीन, संजय, राजेश, सरिता, सुनीता को गिरफ्तार कर लिया। अन्य नामजद आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही।
महिलाओं का एक गैंग है, जो गरीब युवतियों को बहला फुसला कर बेच देती थी। हरियाणा और पंजाब के युवकों को बेचकर शादी भी कराती थी। गैंग में शामिल गीता, आशा, ममता की तलाश की जा रही है। हरियाणा से आए दूल्हे और उसके बहनोई तथा अन्य को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया है।
बृजेश सिंह, थानेदार, चौरीचौरा