सुशील इंस्टीट्यूट मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी में बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा के साथ कॉलेज संचालक द्वारा दुष्कर्म के प्रयास के मामले में शनिवार रात मवाना थाने समेत आसपास के चार थानों की पुलिस गिरफ्तारी के लिए दबिशें देने में लगी रहीं। आरोपी संचालक पुलिस के हाथ नहीं लग सका। थाना प्रभारी का कहना है कि आरोपी की लोकेशन स्टेट से बाहर आ रही है। शीघ्र ही गिरफ्तार किया जाएगा।
सुशील इंस्टीट्यूट मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी में बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा ने शनिवार को एसएसपी के यहां पहुंचकर इंस्टीट्यूट संचालक भोला चौधरी पर 12 जनवरी को परीक्षा के बीच में ही नोट्स देने बहाने अपने कमरे में बुलाकर दुष्कर्म करने के प्रयास का आरोप लगाया था। वहां उसनेदुष्कर्म का प्रयास किया था। शोर मचाने पर आरोपी ने उसे छोड़ा था।
छात्रा का आरोप था कि वह किसी तरह जान बचाकर घर पहुंची थी तथा परिजनों को जानकारी दी थी। इसके बाद शनिवार को परिजनों के साथ एसएसपी के यहां पहुंचे। एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को तुरंत गिरफ्तार करने का आदेश दिया था। जिस पर सीओ यूएन मिश्र ने मवाना, बहसूमा, हस्तिनापुर और फलावदा पुलिस के साथ आरोपी भोला चौधरी की तलाश में ताबड़तोड़ दबिशें दीं। हालांकि आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका। समाचार लिखे जाने तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। थाना प्रभारी परविंदरपाल सिंह का कहना है कि आरोपी की लोकेशन प्रदेश से बाहर आ रही है। शीघ्र ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
कोर्ट से स्टे लेने की फिराक में
चर्चा है कि शिक्षा के मंदिर तथा शिक्षक और शिष्य के पवित्र रिश्ते को कलंकित करने वाला आरोपी कॉलेज संचालक गिरफ्तारी से बचने के लिए न्यायालय से गिरफ्तारी पर स्टे लेने की फिराक में है।
मुख्य बातें
इंस्टीट्यूट संचालक आरोपी की लोकेशन प्रदेश से बाहर मिल रही
पुलिस का दावा आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा
दुष्कर्म की रिपोर्ट
मवाना। गांव पहाड़पुर में तमंचे के बल पर दलित नाबालिग से घर में घुसकर दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। हालांकि आरोपी पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सका है।
गांव पहाड़पुर निवासी व्यक्ति ने थाने में दी तहरीर देकर कहा था कि वह तथा उसकी पत्नी मजदूरी करते हैं। बीती 13 जनवरी को वह तथा उसकी पत्नी मजदूरी करने गए थे। इसी दौरान गांव का ही युवक उसकी नाबालिग बेटी को घर में अकेला पाकर घुस आया तथा तमंचा दिखाकर उससे दुष्कर्म किया। इसी दौरान उसकी पत्नी वहां पहुंची तो आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गया था। थाना प्रभारी परविंदर पाल सिंह का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी को शीघ्र ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।