मारपीट के मामले में रिपोर्ट दर्ज
खरखौदा। एक सप्ताह पहले गांव पांची में कुछ युवकों ने एक दलित युवक के साथ मारपीट कर दी थी। जिसमें दलित पक्ष की ओर से एसएसपी से कार्रवाई की मांग की गई थी। बाद में इस मामले में एससी-एसटी एक्ट व जानलेवा हमले में मामला दर्ज किया गया है।
गांव पांची निवासी दलित युवक सचिन पुत्र विजय एक सप्ताह पूर्व मजदूरी कर घर वापस लौट रहा था। जैसे ही वह पांची बस स्टैंड पर उतरकर बिजलीघर के पास पहुंचा तो सामने से बाइक सवार एक युवक के साथ उसकी कहासुनी हो गई थी। गाली-गलौज के बाद मामला मारपीट तक पहुंचा। पीड़ित पक्ष ने जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करने का भी आरोप लगाया है। मामले में पीड़ित पक्ष ने तहरीर दी थी। पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई करने की बात कही थी। शनिवार शाम पुलिस ने अधिकारियों के आदेश के बाद मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।