ब्लॉक प्रमुख के पुत्रों व भतीजों ने युवक को पीटा
गंगानगर। इंचौली क्षेत्र के कुनकुरा गांव के पास बृहस्पतिवार दोपहर ब्लॉक प्रमुख के पुत्रों व भतीजों ने एक युवक के साथ मारपीट कर दी। घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ितों ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कुनकुरा गांव में गुलजार पुत्र कमरुद्दीन अपने परिवार के साथ रहता है। परिजनों के मुताबिक गुलजार का पुत्र आमिर लखनऊ में काम करता है। कुछ दिन पहले वह घर आया था। बृहस्पतिवार दोपहर वह गांव के ही अंकेश चौधरी के साथ तोफापुर से लौट रहा था। रास्ते में रजपुरा ब्लॉक प्रमुख योगेंद्र के पुत्रों व भतीजों ने उन्हें रोककर हॉकी डंडों से हमला बोल दिया। आरोप है कि उन्होंने आमिर को बुरी तरह पीटा। बीच बचाव में आए अंकेश की भी पिटाई कर दी। बाद में परिजन घायल आमिर को लेकर थाने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। परिजनों ने ब्लॉक प्रमुख के पुत्र अंकित, छोटू, भतीजे शैंकी, अंकित पुत्र सुंदर व अश्वनी पुत्र हरभजन के खिलाफ तहरीर दी। पीड़ितों का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें टरका दिया और शुक्रवार दोपहर रिपोर्ट दर्ज की। एसओ इंचौली पंकज शर्मा के मुताबिक आरोपियों की तलाश की जा रही है। उधर, पीड़ितों ने बताया कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने धमकी दी कि हमारी कहीं भी शिकायत कर लेना, हमारा कुछ नहीं बिगड़ेगा। अब आरोपी खुलेआम गांव में घूम रहे हैं, लेकिन पुलिस उन्हें नहीं पकड़ रही।