मेरठ। दिल्ली से चोरी हुए वाहनों की तलाश में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच पटेल नगर में करीब एक सप्ताह से दबिश दे रही है। देहली गेट पुलिस भी साथ होती है। लेकिन चोरी के वाहन खरीदने वाले कबाड़ी हत्थे नहीं चढ़ रहे हैं। दो राज्यों की पुलिस के आगे इन कबाड़ियों का नेटवर्क भारी पड़ रहा है।
बुधवार को भी क्राइम ब्रांच दिल्ली के सब इंस्पेक्टर सतेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम देहली गेट थाने पहुंची। टीम ने बताया कि उन्होंने दिल्ली और एनसीआर से वाहन चोरी करने वाला गिरोह पकड़ा था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी के वाहनों को मेरठ के देहली गेट थाना क्षेत्र के पटेल नगर निवासी दो कबाड़ियों के यहां बेचा जाता है। दिल्ली पुलिस अपने साथ एक आरोपी को भी लाई थी। जिसके बाद पटेल नगर में दबिश दी गई। लेकिन दोनों कबाड़ी घर से गायब मिले। जिसके बाद पुलिस उनके परिजनों को चेतावनी देकर लौट गई।
खरखौदा में बना रखा गोदाम
दिल्ली पुलिस के अनुसार पकडे़ गए चोर ने बताया कि दोनों कबाड़ी उनसे चोरी के वाहन खरीदते हैं। उन्होंने खरखौदा में किसी जगह अपना गोदाम बनाया हुआ है, जहां ये लोग इन वाहनों को काटते हैं। इसके बाद उनके पार्ट्स सोतीगंज में बेच दिए जाते हैं।
दिखावे की सख्ती
चोरी के वाहन खरीदने में सोतीगंज के कुछ बड़े कबाड़ी दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान तक बदनाम हैं। इन राज्यों की पुलिस कई बार सोतीगंज में छापामारी कर चुकी है। योगी सरकार आने के बाद सोतीगंज के कबाड़ियों का अंतर्राज्यीय नेटवर्क तोड़ने का खाका भी बना। लेकिन दिखावे की इस सख्ती के बाद सब कुछ फिर पुराने ढर्रे पर लौट आया है।
खास बात
- एक सप्ताह से देहली गेट पुलिस के साथ पटेल नगर में दबिश दे रही दिल्ली पुलिस
- क्राइम ब्रांच दिल्ली ने पकड़ा था वाहन चोर गैंग, मेरठ में बेचने बताए थे चोरी के वाहन