जानीखुर्द। मेरठ-बागपत मार्ग पर गांव पांचली के निकट स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा के एटीएम को रविवार देर रात चोरों ने तोड़ने का प्रयास किया। घटना का पता चलते ही रात में ही मौके पर पुलिस पहुंच गई। शाखा प्रबंधक ने चोरों के खिलाफ घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव पांचली खुर्द स्थित विद्या नॉलेज पार्क के निकट पंजाब नेशनल बैंक शाखा के बाहर एटीएम लगा है। चोरों ने रविवार देर रात उसे तोड़ने का प्रयास किया। इस दौरान एटीएम का अलार्म बजने से बैंक के मुख्यालय को सूचना पहुंची गई। बैंक के मुख्यालय ने घटना की जानकारी तुरंत जानी पुलिस को दी। सूचना पाकर जानी पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि पुलिस को वहां कोई व्यक्ति नहीं मिला। वहीं, जानी थानाध्यक्ष प्रेमचन्द्र शर्मा के अनुसार एटीएम में लगे सीसीटीवी की फुटेज की जांच की जा रही है। उधर, बैंक शाखा प्रबंधक जयगोपाल ने अज्ञात के खिलाफ घटना की रिपोर्ट जानी थाने में दर्ज कराई है।