कृषक पीजी कॉलेज में छात्र संघ चुनाव के नामांकन के दौरान सोमवार को छात्रों का एक गुट किसी छात्र का पीछा करते हुए कॉलेज परिसर में घुस गया। उन्हाेंने वहां पर तमंचों से फायरिंग की। इसके बाद में छात्र गुट फलावदा की ओर को फरार हो गया। फायरिंग से कॉलेज में हड़कंप मच गया है। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि फायर करने वाले छात्रों का सुराग नहीं लगा सकी। जबकि हमलावर छात्र सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं।
कृषक पीजी कॉलेज में छात्र संघ चुनाव के लिए सुबह 10 बजे से नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई थी। 11 बजे के आसपास शोर मचना शुरू हुआ तथा गेट पर खडे़ छात्रों में भगदड़ मच गई। इसी दौरान लगभग 10 छात्रों का एक गुट हाथों में लाठी डंडे, बलकटी और तमंचे लिये किसी का पीछा करते हुए कॉलेज में घुस गया।
इन्होंने कॉलेज के गेट से कुछ अंदर घुसकर तमंचे से फायर किया। इससे कॉलेज परिसर में भय का माहौल उत्पन्न हो गया। इसकी जानकारी पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि तब तक फायरिंग करने वाले छात्र मौके से फरार हो चुके थे। बताया कि हमलावर छात्रों का गुट पहले सुभाष चौक पर लाठी-डंडों और बलकटी आदि से लैस खड़ा था। इसकी सूचना किसी ने पुलिस को दी। पुलिस को आता देख छात्रों का यह गुट डाकखाने वाली गली से भागते हुए कॉलेज में जा पहुंचा। कॉलेज पहुंची पुलिस ने छात्रों को काफी तलाश करने का प्रयास किया, लेकिन उनका पता नहीं चल सका। कॉलेज के कार्यवाहक प्राचार्य तरुण कुमार का कहना है कि फायरिंग करने वाले छात्र कॉलेज के नहीं हैं। बाहरी छात्रों के खिलाफ तहरीर दी जाएगी। कॉलेज में लगे सीसीटीवी कैमरे में हमलावर छात्र कैद हो चुके हैं। थाना प्रभारी परविंदर सिंह का कहना है कि फायर की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन हमलावर छात्र हाथ नहीं आ सके थे। इस संबंध में प्राचार्य तरुण कुमार ने अज्ञात युवकों के खिलाफ तहरीर दी है।
मवाना। छात्र संघ चुनाव के मद्देनजर छात्रों ने सोमवार को रोड शो कर शक्ति प्रदर्शन किया। इस दौरान अवैध हथियार से फायरिंग भी की गई। इसकी सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन कोई हाथ नहीं आया। छात्र संघ चुनाव में नामांकन के दौरान छात्रों द्वारा रोड शो अनुमति लेकर निकाला गया। इसके दौरान एक युवक ने फलावदा चौराहे के निकट पहुंचकर अवैध हथियार से फायरिंग की। इसकी सूचना पाकर पुलिस रोड शो में पहुंची। हालांकि तब तक फायरिंग करने वाला युवक गायब हो चुका था। थाना प्रभारी परविंदर सिंह का कहना है कि रोड शो के दौरान पटाखे छोडे़ जाने की सूचना मिली थी। हालांकि मौके पर कुछ नहीं मिला।
मुख्य बातें
छात्रों का गुट एक युवक का पीछा करते हुए कॉलेज में घुसा
हमलावर छात्र सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए
हमलावर हाथों में लाठी-डंडे, बलकटी और तमंचे लिए हुए थे