बीते चार दिन से एक परिवार दहशत के साए में जी रहा है। किसी अज्ञात द्वारा कारतूस के साथ धमकी भरे पत्र भेजकर गृह स्वामी और परिजनों को जान से मारने की धमकी दी जा रही है। इस संबंध में पीड़ित ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं, पुलिस मामले से अनभिज्ञता जता रही है।
एएस इंटर कॉलेज के निकट रहने वाले एक परिवार को बीते चार दिन से धमकी भरे पत्र मिल रहे हैं। मामला मात्र धमकी भरे पत्रों तक ही सीमित नहीं है। धमकी भरे पत्र भेजने वाला आरोपी पत्र के साथ कारतूस भी भेज रहा है। पत्रों में लगातार धमकी दी जा रही है कि उसे तथा उसके परिवार को नहीं छोड़ा जाएगा। एक दिन में दो-तीन पत्र आ रहे हैं। इस संबंध में पीड़ित परिजनों ने थाने में तहरीर दी है। बीती रात तो हद हो गई। पीड़ित परिवार आरोपी को पकड़ने के लिए घात लगाए बैठा था। वह जैसे ही पत्र डालने के लिए आया तो उसका पीछा कर पकड़ने का प्रयास किया परंतु वह भागने में सफल रहा। पीड़ित परिवार की ओर से बदमाश को डराने के लिए लाइसेंसी हथियार से हवाई फायर भी किया गया। हालांकि बदमाश दहशत में आने के बजाय कुछ देर बाद ही एक और धमकी भरा पत्र पीड़ित के घर में डाल गया। जिसमें लिखा था कि वह डरने वाला नहीं है। किसी भी हाल में उसे तथा उसके परिजनों को नहीं छोड़ेगा। इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार दहशत के साए में जी रहा है। वहीं, इस संबंध में एसएसआई भरतलाल शाह का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है।
मुख्य बातें
आरोपी पत्र के साथ कारतूस भेजकर बढ़ा रहा है दहशत
पीछा करने के कुछ देर बाद फिर घर पर धमकी भरा पत्र डाल गया आरोपी