किठौर/मेरठ। कस्बे के मेन बाजार में दुकान पर कब्जे को लेकर बसपा की नवनिर्वाचित चेयरपर्सन के पति और पूर्व चेयरमैन के समर्थकों में बुधवार को खूनी संघर्ष हो गया। दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और तोड़फोड़ व फायरिंग कर दी। घटना में चेयरपर्सन के पति समेत 13 लोग घायल हो गए। पुलिस ने भीड़ को लाठी भांजकर दौड़ा लिया। एसपी देहात ने इसे चुनावी रंजिश का परिणाम बताया है।
एसपी देहात राजेश कुमार के अनुसार किठौर में मेन बाजार में एक दुकान को लेकर काफी समय से कोर्ट में केस चल रहा है। पूर्व चेयरमैन मतलूब गौड़ के भाई फारूख और बसपा की नवनिर्वाचित चेयरपर्सन के समर्थक खिजर के पास भी बैनामे के दस्तावेज हैं। जिसके चलते मामला कोर्ट में विचाराधीन है। बुधवार सुबह करीब नौ बजे फारूख दुकान की सफाई करने के लिए गया था। खिजर को इसका पता चला तो वह इसकी शिकायत लेकर थाने पहुंचा। पुलिस मौके पर पहुंची और फारूख को थाने ले आई और वार्ता की। इसी दौरान चेयरपर्सन के पति सलमान पुत्र बाबू मुनकाद अली, उसका भाई फरमान तथा चाचा साजिद अली भी अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंच गए।
थाने में गालीगलौज, बखेड़ा
थाने में ही किसी बात को लेकर कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में गालीगलौज शुरू हो गई। दोनों पक्ष वहां से विवादित दुकान की ओर चल दिए। दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चल पडे़। संघर्ष में सलमान, फरमान, वसीम, महबूब, नवाजिश, शोएब, जान मोहम्मद, मोहम्मद अली, राशिद, वसीला जबकि पूर्व चेयरमैन की ओर से वसीम, शहजाद और मुजाफत आदि घायल हो गए।
लोगों ने बनाई वीडियो
एसपी देहात ने बताया कि आसपास के लोगों के पास मिली वीडियो के अनुसार पूर्व चेयरमैन समर्थकों ने फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से चेयरपर्सन पक्ष का अब्दुल कलाम घायल बताया जा रहा है। जिसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। जिसके बाद चेयरपर्सन पक्ष के समर्थकों ने मतलूब गौड़ के भाई की बस के शीशे तोड़कर तथा हापुड़ स्टैंड स्थित उनके समर्थक वीर सिंह के क्लीनिक में घुसकर तोड़फोड़ कर दी।
दुकान सील, मुकदमे दर्ज
एसपी देहात के अनुसार मामले का निस्तारण होने तक विवादित दुकान सील कर दी गई है। सलमान और वसीम की ओर से पूर्व चेयरमैन मतलूब गौड़, फारूख तथा उनके साथी मसरूर, आतिफ, तारिक, नादिर, शाहजाद, वसीम और नदीम के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा कायम कराया है। वहीं, पूर्व चेयरमैन समर्थक वीर सिंह की ओर से साजिद, फरमान, सलमान, मारूफ, परवेज, तालिब, बलीशा, शेरे बंजारा, वसीम, इजहार, आजाद, वाहिद, ताहिर कबाड़ी, वजाहत, इंतखयाब, अनीश, महबूब उर्फ छोटे पर घर में घुसकर मारपीट करने, महिलाओं से अभद्रता करने और तोड़फोड़ करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया गया है।
एसओ पर लापरवाही के आरोप
इस बखेड़े को एसपी देहात, सीओ किठौर हरिमोहन और एसडीएम मवाना अंकुर श्रीवास्तव ने सूझबूझ के साथ संभाल लिया। अफसरों ने बसपा सांसद मुनकाद अली के आवास पर डेरा डालकर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। इस दौरान बसपा नेता और समर्थकों ने एसपी देहात से एसओ किठौर की शिकायत कर निलंबन की मांग की।
यह चुनावी रंजिश का नतीजा
एसपी देहात का कहना है कि एक विवादित दुकान को लेकर दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ है। दोनो पक्षों में यह झगड़ा चुनावी रंजिश का परिणाम है। दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा कायम करा दिया गया है। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। तनाव को देखकर पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।
खास बातें:
चेयरपर्सन पति और पूर्व चेयरमैन के समर्थकों ने तोड़फोड़ के बाद की फायरिंग
भगदड़ मची, बाजार बंद, पुलिस ने लाठी फटकारकर दोनों पक्षों को दौड़ाया
एसपी ने कहा, कोर्ट में चल रहा है विवादित दुकान का मामला, सील कराई