मेरठ। भावनपुर थाना क्षेत्र के गांव जई में कई वर्षों से गोकशी करते आ रहे गोतस्कर, हिस्ट्रीशीटर और गैंगेस्टर इकरामुद्दीन की जिलाधिकारी के आदेश पर करीब 80 लाख की संपत्ति कुर्क कर ली गई। अनैतिक कार्यों में दोनों भाईयों और परिवार के सदस्यों के साथ लिप्त आरोपी लंबे समय से पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था।
एसपी देहात राजेश कुमार और थानाध्यक्ष भावनपुर करतार सिंह के अनुसार जई गांव निवासी इकरामुद्दीन उर्फ नेता पुत्र जबरदीन पर गोकशी, लूट और चोरी के करीब 35 मुकदमे दर्ज हैं। जिलाधिकारी समीर वर्मा ने आरोपी की संपत्ति गैंगेस्टर एक्ट में कुर्क करने के आदेश किए थे, जिसके बाद थाना पुलिस द्वारा सोमवार शाम इकरामुद्दीन के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में पिलोखड़ी रोड फतेउल्लापुर के सुहेल गार्डन कॉलोनी स्थित एक प्लॉट व एक मकान के अलावा आरोपी के पैतृक गांव जई में रिहायशी मकान पर भी कुर्की की कार्रवाई की गई। सीओ सदर देहात को कुर्क संपत्ति का प्रशासक नियुक्त किया गया है। मकान के बाहर नोटिस भी चस्पा कर दिया गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि इकरामुद्दीन ने समाज में भय फैलाकर अनैतिक कार्य करते हुए करीब 80 लाख की संपत्ति जमा कर ली। इकरामुद्दीन का लंबा आपराधिक इतिहास है। जिसमें वह हिस्ट्रीशीटर के अलावा थाने का गैंगेस्टर व गैंग लीडर बन चुका है। उसके दोनों भाई इमामुद्दीन व समयदीन भी गोकशी के मामलों में फिलहाल जेल में बंद हैं। आरोपी इकरामुद्दीन गोतस्कर समयद्दीन गैंग का सक्रिय सदस्य है।
गौरतलब है कि रविवार को टीपी नगर पुलिस ने शराब माफिया गणेश और शनिवार को ब्रह्मपुरी पुलिस ने बिलाल हत्याकांड के आरोपी कुख्यात तांत्रिक नजाकत अली की संपत्ति कुर्क की थी।
खास बात
- 35 मुकदमे हैं दर्ज, गैंगेस्टर एक्ट में दो प्लॉट और एक मकान की हुई कुर्की