अवैध तमंचे मय कारतूस के बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
सरूरपुर।
पुलिस ने मंगलवार देर रात हथियारों के तस्कर कुख्यात बदमाश को बरनावा-सरधना मार्ग से मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। उससे एक तमंचा एवं कारतूस बरामद हुआ। उसने दबथुवा के डाकघर में लाखों रुपये की लूट के साथ हथियारों एवं शराब की तस्करी में शामिल होना स्वीकार किया है। पुलिस ने बदमाश को जेल भेज दिया है।
थाना प्रभारी ऋषिपाल सिंह मलिक ने बताया कि वह मंगलवार देर रात्रि टीम के साथ गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सरधना-बरनावा मार्ग पर करनावल मोड़ के निकट खड़ा युवक पुलिस की गाड़ देखकर भागने लगा। पुलिस ने जंगल की घेराबंदी कर की। उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जिसमें एक पुलिसकर्मी बाल-बाल बचा। पुलिस ने बदमाश को जंगल से दबोच लिया। उसने अपना नाम फिरोज मैनापूठी पुत्र अफजाल बताया। उसके पास एक तमंचा पांच कारतूस बरामद हुए।
उसने पुलिस को बताया कि वह इंचौली के राजा उर्फ मामा के लिए काम करता था। उन्होंने बीते वर्ष दबथुवा गांव में डाकघर से लाखों रुपये की लूट की थी। इसी दौरान करनावल में सोहनवीर उर्फ आशु पुत्र ईश्वर के घर पर अवैध हथियारों से फायरिंग करने का मुकदमा दर्ज हुआ था। कुछ दिनों बाद मैनापूठी निवासी आशु उर्फ आस मोहम्मद पुत्र उमरदीन तथा शाहरूख उर्फ बावला पुत्र तरीकत को मैनापूठी के जंगल से कार समेत पुलिस के हत्थे चढ़ गए थे। वह मौका पाकर फरार हो गया था। इसके बाद उसने पैसा कमाने के लिए तहेरे भाई शाहरूख के साथ मिलकर कार की नंबर प्लेट बदलकर शराब तस्करी शुरू कर दी थी। बीते दिनों पुलिस ने उक्त कार को शराब समेत पकड़ लिया था। इसी बीच उसके गिरोह ने इंडेन गैस एजेंसी के खंजाची से लूट, फतेहपुर में भट्ठा कारोबारी से डेढ़ लाख की लूट के साथ मेरठ-करनाल हाईवे पर पेट्रोल पंप की लूट को अंजाम दिया। पुलिस ने बताया कि फिरोज क्षेत्र में घटनाओं को अंजाम देकर सीधे मुंबई भाग कर शरण लेता था।