दंपति से नकदी और जेवरात लूटे
अमर उजाला ब्यूरो
सरूरपुर।
मेरठ करनाल हाईवे पर सोमवार देर शाम बदमाशों ने अस्पताल में मरीज को देख घर लौट रहे बाइक सवार दंपति से गन प्वाइंट पर हजारों की नकदी, जेवर और मोबाइल लूट लिया। विरोध करने पर बदमाश गोली मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ितों ने घटना की जानकारी गश्त कर रही पुलिस को दी। आरोप है कि पुलिस ने बदमाशों का पीछा करने के बजाए थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही।
थाना भवन के गांव रोनी निवासी राजेंद्र अपनी पत्नी प्रियंका के साथ मेरठ में रिश्तेदार को अस्पताल में देखने के लिए गए थे। वापस घर लौटते समय जैसे ही वे गोटका स्थित इंटर कॉलेज से आगे पांचली बस स्टाप के पास पहुंचे तो पीछे से सफेद रंग की बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने दंपति की बाइक को रोक ली। बदमाशों ने गोली मारने की धमकी देते हुए दंपति को हाईवे किनारे पर ले जाकर राजेंद्र की जेब से सात हजार रुपये और पत्नि प्रियंका के पर्स से 18 सौ रुपये के सहित सोने की चेन और मोबाइल लूट लिया। विरोध करने पर गोली मारने की धमकी देते हुए बदमाश शामली की तरफ फरार हो गये। पीड़ित दंपति ने घटना की जानकारी वहां से कुछ दूरी पर गश्त कर रही पुलिस को दी। आरोप लगाया कि पुलिस ने बदमाशों को पीछा करने के बजाए घटना स्थल सरूरपुर बता कर चलता कर दिया। उधर, देर रात होने के बावजूद पीड़ित बिना कार्रवाई के ही घर को चले गये। वहीं, सरूरपुर पुलिस ने घटना की जानकारी से इंकार किया है।