मवाना। नगर में पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक युवक को चोरी की पल्सर बाइक के साथ गिरफ्तार किया। एसएसआई अजय कुमार ने बताया कि वह पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने उसे अटौरा रोड पर दबोच लिया। उसने अपना नाम दीन मोहम्मद उर्फ दीनू पुत्र हाशिम निवासी नवाबगढ़ी थाना सरधना बताया। आरोपी ने बताया कि वह मोहल्ला मुन्नालाल में अपने रिश्तेदार के यहां पर आया हुआ था। उसने नगर के तहसील मैदान में चल रही शहीद चंद्रभान प्रदर्शनी में दुकान लगा रखी है। पुलिस ने उसे सोमवार को जेल भेज दिया है।
नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया
मवाना। भारत विकास परिषद मवाना विराट एवं संस्कार शाखा के संयुक्त तत्वावधान में संस्कृति सप्ताह के सातवें दिन सोमवार को सरस्वती विद्या मंदिर विद्यालय में नशा मुक्ति पर गोष्ठी हुई। इसकी अध्यक्षता प्रबंधक जेपी गोयल ने की एवं संचालन आचार्य राजकुमार ने किया। नशा मुक्ति कार्यक्रम के प्रांतीय संयोजक नरेंद्र गोयल एवं सर्व शिक्षा अभियान के प्रांतीय चेयरमैन बीके शर्मा ने नशे के दुष्परिणामों पर विस्तार से जानकारी दी। नशे को सामाजिक बुराई बताया है। उसे दूर करने के लिए जनजागरूक की आवश्यकता बताया। वहीं, कार्यक्रम में उपस्थित छात्रों को नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष दीपक गुप्ता, आरके वशिष्ठ, अनिल रस्तोगी एवं राजकर्ण आदि उपस्थित रहे।