मवाना। मोहल्ला तिहाई निवासी गीता ने बताया कि उसके बच्चे मिल रोड स्थित पीर के निकट बकरी चरा रहे थे। इसी दौरान एक महिला ने उनसे मारपीट कर दी। गीता ने मारपीट करने की वजह जाननी चाही तो दो लोग और आ गए। उन्होंने गीता से भी मारपीट कर दी। पीड़ित ने हमलावरों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
आर्य समाज कार्यक्रम यज्ञ के साथ संपन्न
मवाना। आर्य समाज के तत्वावधान में चल रहे वेद प्रचार उत्सव एवं श्रावणी पर्व का समापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें आचार्य सुरेंद्र शास्त्री द्वारा यज्ञ कराया गया। सहारनपुर से पधारी विदुषी भजनोपदेशिका संगीता आर्य ने बताया कि सद्चरित्र, नैतिकता, राष्ट्रभक्ति एवं कर्तव्य परायणता आदि व्यक्ति को आदर्श नागरिक बनाते हैं। आदर्श नागरिक ही महर्षि दयानंद के सपनों का वैदिक राष्ट्र निम्राण कर सकता है। यहां पर पवन रस्तोगी, संगीता रस्तोगी, शिवकुमार आर्य, सुखवीर सिंह, अनिल गोला, नरेंद्र सिंह आर्य, सुनील गुप्ता, सुधा रस्तोगी, कुसुम सराफ, मोनू रस्तोगी एवं केला देवी आदि उपस्थित रहीं।
पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को याद किया
मवाना। अनुसूचित जाति विभाग के जिलाध्यक्ष राजेेंद्र जाटव के आवास पर पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के जन्म दिवस पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता रामकृष्ण यादव ने की। यहां पर सबसे पहले खतौली में हुए ट्रेन हादसे में मृतकों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा। इसके बाद पंचायती राज एवं कंप्यूटर सूचना क्रांति के जनक राजीव गांधी को याद किया। उन्हीं के प्रयास से युवाओं को 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार मिला। यहां पर योगराज सिंह नंबरदार, मोहम्मद इलियास कुरैशी, संदीप चौधरी, अफजल अहमद, ब्रह्म सिंह नागर, गाजुद्दीन मलिक और सुरेशपाल ढाका आदि उपस्थित रहे।
मृतकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की
मवाना। मुजफ्फरनगर के कस्बा खतौली मेें हुए ट्रेन हादसे में मरने वाले यात्रियों की आत्मा की शांति के लिए विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने सुभाष चौक पर दीप जलाकर प्रार्थना की। वहीं, कार्यकर्ताओं ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ लाभ होने के लिए कामना की। इस मौके पर शिखर दुबलिश, आयुष शर्मा, लवकुश, मोनू, अश्वनी, राहुल, अभिनव एवं अक्षय आदि रहे।