अमानुल्लापुर निवासी व्यक्ति ने लूट के दौरान शोर मचाकर ग्रामीणों को बुला लिया था
अमर उजाला ब्यूरो
रोहटा।
थाना क्षेत्र में बदमाशों का आतंक बढ़ता जा रहा है। उन्होंने बृहस्पतिवार रात दो स्थानों पर लूट की। एक बदमाश को ग्रामीणों ने पुलिस को सौंप दिया। वह भट्ठा व्यवसायी से रंगदारी मांगने के मामले में फरार था।
अमानुल्लापुर-चिंदौड़ी संपर्क मार्ग पर डालमपुर निवासी प्रदीप पुत्र बृजेश शर्मा बाइक पर सवार होकर मेरठ से गांव लौट रहा था। वह डालमपुर गांव के निकट पहुंचा तो घात लगा़ए बदमाशों ने उसे घेर लिया। इस पर प्रदीप ने शोर मचा दिया। जिसे शोर सुनकर ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। उन्होंने बाइक पर भागते एक बदमाश को दबोच लिया। इसके बाद पुलिस को सौंप दिया। पुलिस उसे रोहटा सीएचसी ले गई। वहां चिकित्सकों ने उसके पैर में फैक्चर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने बताया कि उक्त बदमाश राहुल पुत्र जगपाल निवासी अमानुल्लापुर निकला। वह लूट, हत्या, रंगदारी एवं जानलेवा हमले के मामलों में शामिल रहा है। राहुल ने बुधवार रात में सत्या ब्रिक फिल्ड के मुनीम को धमकी दी थी। उसने भट्ठा मालिक से पांच लाख रुपये रंगदारी मांगी थी। भट्ठा व्यवसायी नीरज सिंह निवासी नेक ने रोहटा थाने में राहुल के खिलाफ मुकदमा कराया था। वहीं, पीड़ित प्रदीप शर्मा ने थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
गांव कैथवाड़ी निवासी सुन्दरलाल पुत्र कालीचरण रिटायर्ड फौजी मोदीपुरम स्थित कृषि विश्वविद्यालय में सुरक्षा अधिकारी है। वह बृहस्पतिवार रात में ड्यूटी से बाइक पर सवार होकर अपने गांव लौट रहा था। वह गांव के जनता इंटर कॉलेज के निकट पहुंचा तो पीछे से बाइक पर सवार होकर के आए तीन बदमाशों ने तमंचे से आतंकित करके रोक लिया। उसकी बाइक की चाबी निकाल ली तथा दो हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया। इसके बाद सुन्दरलाल को बंधक बनाकर ईख में डाल दिया। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है।