अमर उजाला ब्यूरो
मवाना।
कस्बे में जून के अंतिम सप्ताह में गैस एजेंसी के कैशियर से पांच लाख 17 हजार रुपये की लूट के आरोपी ग्राम खोड़दयालपुर के ग्राम प्रधान अर्जुन को पुलिस ने रिमांड पर लेकर लूटा गया थैला तथा 6170 रुपये बरामद कर बुधवार को वापस जेल भेज दिया।
उल्लेखनीय है कि बीते माह गैस एजेंसी के कैशियर मेघराज से बाइक सवार दो बदमाश 5 लाख 17 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए थे। इस मामले में पुलिस आरोपी अनेस एवं गुड्डू को 94 हजार रुपये बरामद कर जेल भेज चुकी है। पुलिस के मुताबकि इस मामले में जोनी एवं गांव खोड़दयालपुर के ग्राम प्रधान अर्जुन लूट को अंजाम देकर सीसीटीवी में कैद हो गए थे। ये दोनों पुराने मामलों में जमानत तुड़वाकर जेल गए थे। जोनी अपने माता-पिता की हत्या के बाद जमानत कराकर बाहर आ गया था। इसकी जानकारी लगते ही पुलिस उसकी तलाश में लग गई थी। उसने जमानत देने वाले दोनों मामा को दो दिन तक थाने में बैठाए रखा था। उन्हें हंगामे के बाद छोड़ा था। चर्चा है कि पुलिस ने जोनी को हिरासत में लेने के बाद ही जमानत देने वालों को छोड़ा था। पुलिस ने जोनी को रजवाहे के निकट से गिरफ्तार दिखाकर उससे 10 हजार रुपये बरामद करने का दावा किया था।
दरोगा जितेंद्र कुमार ने बताया कि खोड़दयालपुर के प्रधान अर्जुन को न्यायालय से 10 घंटे की रिमांड पर जिला कारगार से लाकर पूछताछ की गई। इसके बाद अर्जुन की निशानदेही पर लूटा गया थैला गांव खोड़दयालपुर की ट़यूबवेल से बरामद करने तथा लूट की धनराशि में से 6170 रुपये बरामद कर वापस जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में अर्जुन ने बताया कि उसके हिस्से में 80 हजार रुपये आये थे। शेष धनराशि वह खर्च कर चुका है।
मुख्य बातें
कैशियर से लूट का आरोपी है खोड़दयालपुर का प्रधान
पुलिस से बचने के लिए दूसरे मामले में जमानत तुड़वाकर चला गया था जेल