अमर उजाला ब्यूरो
खरखौदा।
गांव बधौली के पूर्व प्रधान पक्ष ने खंड विकास अधिकारी से मौजूदा प्रधान द्वारा विकास कार्यों में धांधली बरतने की शिकायत की थी। जिसमें शनिवार को खंड विकास अधिकारी जांच करने पहुंचे तो प्रधान पक्ष एवं पूर्व प्रधान पक्ष आमने सामने आ गए। उनमें मारपीट हो गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
गांव बधौली के पूर्व प्रधान मामराज पक्ष ने खरखौदा खंड विकास अधिकारी से पंद्रह दिन पूर्व मौजूदा प्रधान किरण द्वारा गांव में कराए जा रहे विकास कार्यों में धांधली का आरोप लगाया था। इतना ही नहीं जांच की मांग भी की थी। जिसमें शनिवार को खंड विकास अधिकारी रामकिशन गांव बधौली में जांच करने पहुंचे। पूर्व प्रधान पक्ष का आरोप है कि खंड विकास अधिकारी मौजूदा प्रधान के आवास पर पहुंचे तथा वहीं पर जांच पूरी कर ली। इसका शिकायतकर्ता ने विरोध किया तो खंड विकास अधिकारी प्राथमिक विद्यालय पहुंचे। यहां बाद में दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। पुलिस कंट्रोल रूम से जानकारी पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई। जिसमें पूर्व प्रधान पक्ष ने मारपीट करने की तहरीर दी। इसके बाद प्रधान किरण भी सैकड़ों महिला एवं पुरुष समर्थकों के साथ थाने पहुंचे। उन्होंने पूर्व प्रधान पक्ष के खिलाफ विकास कार्यों में बाधा डालने समेत मारपीट के मामले में थाने में तहरीर दी है। इस मामले में इंस्पेक्टर संदीप सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर जांच के बाद कार्रवाई की जायेगी।
मुख्य बातें
विकास कार्यों में धांधली की शिकायत की जांच को लेकर हुआ हंगामा