एटा में अपनी दो बेटियों को 20 लाख में बेचने के बाद उनका सामूहिक दुराचार कराने की आरोपी मां को शुक्रवार रात एटा की मारहरा पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस ने अपहृत किशोरी को भी बरामद कर लिया है। पुलिस किशोरी और उसकी मां से पूछताछ कर रही है।
बता दें कि एटा के मारहरा क्षेत्र निवासी युवती ने अपनी मां पर उसे और उसकी छोटी बहन को 20 लाख रुपये में बेचने और सामूहिक दुराचार कराने का आरोप लगाया था। मामले में एसएसपी के आदेश पर युवती की मां और दिल्ली निवासी मामा सहित छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई।
मामले में एटा की मारहरा पुलिस ने आरोपी मां और कस्बा निवासी युवक को हिरासत में लिया। इसके बाद पुलिस ने शिकायतकर्ता युवती की छोटी बहन को भी बरामद कर लिया है। थाना प्रभारी मारहरा अनूप कुमार भारती ने बताया कि युवती की मां और छोटी बहन से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में किशोरी ने बताया कि वह वर्ष 2008 में मां के साथ दिल्ली गई थी।
इसके बाद वह कभी घर नहीं आई। घर से जाने के बाद वह पहली बार थाना मारहरा आई है। एसओ ने बताया कि लड़की के बयान दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है। इसके बाद मां सहित अन्य आरोपियों से पूछताछ कर कार्रवाई की जाएगी।
ज्ञात हो कि दो दिन पहले एक युवती ने एसएसपी को शिकायती पत्र देते हुए बताया था कि उसकी मां ने अपने प्रेमी सहित अन्य लोगों से सामूहिक दुराचार कराया था और मोटी रकम बेच दिया था। उसने आरोप लगाया था कि उसकी छोटी बहन का अपहरण करा दिया गया है।