दिनदहाड़े बदमाशों ने महिला डॉक्टर से चेन लूटी
मेरठ। बेखौफ बदमाशों ने रविवार को दिनदहाड़े मंगलपांडे नगर में महिला डॉक्टर से चेन लूट ली। महिला ने बदमाशों को पीछा किया, लेकिन वे विवि रोड की तरफ फरार हो गए।
मेडिकल थाना क्षेत्र के मंगलपांडे नगर निवासी डॉ. मोनिका शर्मा मेडिकल कॉलेज में विभागाध्यक्ष हैं। जबकि उनके पति डॉ. नवीन सुभारती में प्रोफेसर हैं। रविवार सुबह करीब दस बजे डॉ. मोनिका पड़ोस में कन्याओं को बुलाने जा रही थीं। इस दौरान कम्यूनिटी सेंटर के पास बाइक (काले रंग की पल्सर) सवार दो बदमाशों ने महिला डॉक्टर से चेन लूट ली। शोर सुनकर आसपास के लोग जुट गए। पीड़िता नेे कंट्रोल रूम और मेडिकल पुलिस को सूचना दी और बदमाशों की बाइक का नंबर भी बताया। इस पर करीब 20 मिनट बाद मेडिकल पुलिस मौके पर पहुंची और पूछताछ कर लौट गई। बाद में एसओ मेडिकल सतीश कुमार पहुंची और तहरीर ली। एसओ मेडिकल ने बताया कि लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच पड़ताल में बाइक का नंबर फर्जी निकला। बदमाशों की तलाश में चेकिंग की गई, लेकिन उनका सुराग नहीं लगा।
तो क्या घर से निकलना भी बंद कर दें
मंगलपांडे नगर में पहले भी चेन लूट और पर्स लूट की घटना हो चुकी हैं। सम्राट पुलिया के पास पुलिस की फैंटम रहती है, लेकिन जब भी लूट होती है तो दूर तक पुलिस का पता नहीं चलता। आसपास के लोगों ने बताया कम्यूनिटी सेंटर के पास 15 दिन पहले भी एक पर्स लूट की घटना हुई थी। वहीं पीड़ित महिला डॉक्टर ने पुलिस से कहा कि अब क्या महिलाएं चेन पहनकर घर से निकलना भी बंद कर दें। पड़ोस में भी जाए तो लूट हो जाती है।