मेरठ। नौचंदी पुलिस की एक और करतूत का एसएसपी को पता चला तो एसओ को तलब कर लिया गया। जिस दुकानदार को दबंगों ने पीटा, उसी दुकानदार के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। बृहस्पतिवार को वीडियो वायरल हुई तो भाजपाइयों ने एसएसपी से शिकायत की।
घटना नौचंदी थाना क्षेत्र की 22 फरवरी की है। व्यापारी प्रह्लाद अग्रवाल अपनी दुकान में बैठे थे। तभी वहां पहुंचे पांच युवकों ने व्यापारी को भुगतने की धमकी देते हुए बाहर खींच लिया और व्यापारी की बेरहमी से पिटाई की। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वीडियो वायरल पर डीजीपी ओपी सिंह ने एसओ नौचंदी को कड़ी फटकार लगाई थी। अब फिर वीडियो वायरल हुई तो पुलिस ने पीड़ित दुकानदार पर ही कार्रवाई कर दी।
भाजपा नेता कमलदत्त शर्मा ने एसएसपी से मिलकर आरोप लगाया कि बीस दिन पहले अवैध कटान के मामले में नौचंदी पुलिस ने साठगांठ कर आरोपियों के खिलाफ शांतिभंग में कार्रवाई की। जबकि अवैध कटान की वीडियो भी पुलिस के पास है। एसएसपी ने कहा कि वीडियो के आधार पर जांच कराई जा रही है। आरोपियों को जेल भेजा जाएगा।
खास बातें:
- दुकानदार के साथ मारपीट की वीडियो हुई वायरल
- एसएसपी ने एसओ नौचंदी को तलब किया, कार्रवाई के निर्देश