घर में घुसकर युवती से छेड़छाड़
कैराना। क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि शुक्रवार शाम वह अपने घर पर अकेली थी। इसी दौरान गांव के दो युवक घर में घुस गए। दोनों युवकों ने उसके साथ छेड़छाड़ की। उसके शोर मचाने पर आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। इस मामले में कोतवाली प्रभारी राजेंद्र कुमार नागर ने बताया कि युवती की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
अश्लील आडियो वायरल करने का मुकदमा दर्ज
कैराना। युवती की अश्लील आडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोप में पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। कैराना क्षेत्र निवासी एक युवक ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि कस्बा निवासी उसकी चचेरी बहन की मोबाइल से अश्लील आडियो रिकार्ड करके उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
दो बाइकें चोरी, मुकदमा दर्ज
कैराना। गांव बीनडा निवासी राकिन्द्र ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया कि शुक्रवार को वह खंड विकास कार्यालय में किसी काम से गया था। वह बाइक बाहर खड़ी करके आफिस में चला गया। इसी दौरान चोर ने उसकी बाइक चुरा ली। दूसरे मामले में डुढ़ार निवासी मनोज कश्यप ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह तहसील परिसर के बाहर अपनी बाइक खड़ी करके तहसील में गया था। इसी दौरान चोर ने उसकी बाइक चोरी कर ली। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।