मेरठ। वेस्ट यूपी में बदमाशों पर शिकंजा कसने की तैयारी है। बदमाशों पर इनाम बढ़ाने की क्षमता बढ़ गई है। पुलिस अधिकारी बदमाशों पर इनाम बढ़ा सकेंगे।
मेरठ जोन मुठभेड़ में दस बदमाशों को पुलिस ढेर कर चुकी, जबकि 50 से अधिक बदमाशों के पैर में गोली लग चुकी। पुलिस की कार्रवाई से शासन भी संतुष्ट है। अपराधियों में पुलिस का खौफ हो, इसको लेकर क्राइम मीटिंग में डीजीपी और मुख्यमंत्री एसएसपी से कह चुके हैं। शनिवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग में बताया गया कि अपराधियों पर पुलिस अधिकारी ओर ज्यादा इनाम बढ़ा सकते हैं। एसएसपी पांच हजार से 25 हजार, आईजी रेंज को 10 हजार से 50 हजार, एडीजी जोन 15 हजार से एक लाख, डीजीपी 50 हजार से 2.50 लाख और शासन दो लाख से पांच लाख रुपये तक अपराधी पर इनाम कर सकते हैं।
पहले ही दिन एसएसपी ने बढ़ाया इनाम
11 सितंबर को भावनपुर के नंगला साहू गांव के जंगल में दसवीं के छात्र शिवा निवासी नबीपुर की हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। तीन आरोपी अजय, आशीष व नीटू निवासी लालपुर भावनपुर अभी फरार हैं। एसएसपी ने फरार तीनों आरोपियों पर शुक्रवार को पांच-पांच हजार का इनाम किया था। शनिवार को एसएसपी ने तीनों आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम कर दिया है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस ताबड़तोड़ दबिश देने में लगी है।