सरधना । कालंद चुंगी के पास मंगलवार देर रात चोरों ने सभासद के भाई की दुकान पर धावा दिया। चोरों ने दुकान से 12 हजार नगद, घी के टीन समेत करीब तीन लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया।
मोहल्ला गांधीनगर निवासी सभासद पंकज टाली के भाई अरुण जैन की दुकान है। दुकान के ऊपरी हिस्से में इन दिनों भवन निर्माण का कार्य चल रहा है। मंगलवार शाम अरुण दुकान बंद कर घर चले गए थे। आरोप है कि देर रात चोर छत के रास्ते से उनकी दुकान में घुस गए। सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो उन्हें घटना का पता चला। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस और व्यापारियों को दी। सूचना पर भाजपा नगर अध्यक्ष विनोद जैन, व्यापार मण्डल के पदाधिकारी अध्यक्ष पंकज जैन और अन्य कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। व्यापारियों ने एसएसआई मनोज कुमार शर्मा से क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर रोष जताते हुए पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की। पीड़ित ने कोतवाली में घटना की तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर पर मामले की जांच शुरू कर दी हैं।