मेरठ। शिवा हत्याकांड में आरोपी ने समझौता न करने पर पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी दी है। छात्र के घर पर सुरक्षा की दृष्टि से दो सिपाही तैनात हैं। पीड़ितों ने एसएसपी से गुहार लगाई है।
इंचौली थाना क्षेत्र के नवीपुर निवासी छात्र शिवा (16) पुत्र रणवीर सिंह का अपहरण कर 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई थी। फिरौती न देने पर छात्र की भावनपुर क्षेत्र में हत्या कर दी गई थी। इसका मामला भावनपुर थाने में दर्ज हुआ था। पुलिस ने छात्र की हत्या के आरोप में लालपुर निवासी अजय, आशीष, सुमित, नीटू और सोना गांव निवासी अनुज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं कपिल निवासी लालपुर फरार है। एसएसपी की तरफ से हत्यारोपी कपिल पर 25 हजार का इनाम घोषित है।
सोमवार को केस के वादी शिवा के पिता रणवीर सिंह, मां जयवती और बहन सिखा एसएसपी ऑफिस पहुंचे। छात्र की बहन ने कहा कि नौ माह में अभी तक फरार आरोपी गिरफ्तार नहीं हुआ। वह लगातार समझौता न करने पर पूरे परिवार की हत्या करने की धमकी दे रहा है। पुलिस ने सुरक्षा के लिए घर पर दो सिपाहियों की गारद लगा रखी है, लेकिन उसके बाद भी जान का खतरा है। एसएसपी राजेश पांडेय ने कपिल की गिरफ्तारी के लिए टीम लगा दी गई हैं।
गवाह तोड़ लिए, वादी को भी धमकी
छात्र के पिता रणवीर सिंह ने आरोप लगाया कि हत्या में 12 गवाह थे। लेकिन अधिकांश गवाह हत्यारोपी ने धमकी देकर तोड़ लिए। अब उन्हें भी धमकी दे रहे हैं। ऐसे तो घर से निकलना भी मुश्किल हो रहा है। वहीं एसटीएफ ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जाल बिछा दिया। सीओ एसटीएफ बृजेश कुमार और इंस्पेक्टर धमेंद्र यादव एसएसपी ऑफिस भी पहुंचे और जानकारी ली।