मेरठ। नववर्ष के स्वागत में होने वाले जश्न पर रविवार को पुलिस का पहरा रहेगा। एसएसपी मंजिल सैनी के अनुसार स्टंटबाजी रोकने के लिए शहर में 25 स्थानों पर बैरियर लगाकर चेकिंग की जाएगी। शनिवार को एसपी सिटी मान सिंह चौहान, सीओ अखिलेश भदौरिया, सीओ पंकज सिंह, सीओ चक्रपाणि त्रिपाठी, सीओ दिनेश शुक्ल ने अलग अलग स्थानों पर पुलिस और पीएसी के साथ होटल, बस अड्डे और वाहनों की चेकिंग की। एसपी देहात राजेश कुमार ने फोर्स के साथ गंगानगर पहुंचे और चेकिंग कराई।
एसपी सिटी ने बताया कि रविवार को दो कंपनी पीएसी, एक कंपनी आरआरएएफ, पांच सीओ, 16 थाना प्रभारियों के अलावा 52 चौकी इंचार्ज, घुड़सवार पुलिस, सात दमकल गाड़ियां तैनात रहेंगी। होटल में बिना परमिशन के डांस के कार्यक्रमों पर भी पुलिस की नजर रहेगी। स्टंट करने और जाम छलकाने पर नया साल हवालात में मनेगा।