लिसाड़ीगेट में महिला से रेप की कोशिश
मेरठ। लिसाड़ीगेट थानाक्षेत्र की एक कॉलोनी में पड़ोसी युवक ने घर में घुसकर महिला से दुष्कर्म की कोशिश की। शोर सुनकर पहुंचे लोगों ने युवक की जमकर पिटाई की।
पीड़ित महिला ने बताया कि उसका पति बच्चों के साथ शनिवार को एक शादी में गया था। रविवार दोपहर को वह घर पर अकेली थी। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला युवक घर पहुंच गया और मुरादाबाद से सामान लाने की बात कहकर घर में बैठ गया। उसके बाद आरोपी ने दिखावे को महिला के सामने मोबाइल से फोन मिलाया और महिला के पति का नाम लेकर बात करने लगा। आरोप है कि जैसे ही महिला कमरे में पहुंची तो आरोपी भी वहां आ गया और महिला के साथ छेड़छाड़ कर रेप की कोशिश की। महिला ने विरोध किया तो युवक ने हाथापाई कर दी। शोर सुनकर लोग दौड़े और आरोपी को पकड़कर धुन डाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में लेे लिया। आरोपी युवक महिला के पति के साथ कपड़े का काम करता है। सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला का कहना है कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।