मेरठ। अपहृत छात्रा की बरामदगी को लेकर रविवार शाम मेडिकल थाने में हंगामा हो गया। पुलिस ने आरोपी छात्रा के फूफा को भी थाने में लाकर पूछताछ की। इस दौरान दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक हुई। आरोपी ने बताया कि उन्हें छात्रा की कोई जानकारी नहीं है। पुलिस ने पूछताछ के बाद नामजद आरोपी को छोड़ दिया।
खतौली मुजफ्फरनगर निवासी 17 वर्षीय किशोरी मेडिकल थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर में अपने फूफा के यहां रह रही थी। सात अक्तूबर को छात्रा का अपहरण हो गया। छात्रा के परिजनों ने छात्रा के फूफा पर छात्रा को गायब कराने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करा दिया। छात्रा की बरामदगी की मांग को लेकर परिजन लगातार उच्च अधिकारियों से गुहार लगा चुके हैं। रविवार को खतौली से आए परिजनों और अन्य रिश्तेदारों ने मेडिकल थाने में कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा कर दिया। पुलिस छात्रा के फूफा को भी थाने ले आयी।
एसओ मेडिकल सतीश कुमार ने बताया कि जांच में सामने आया कि छात्रा फोन पर बात करती थी। उसके बाद परिजनों ने कई बार उसे डांटा। लेकिन वह नहीं मानी। परिजनों ने छात्रा को शास्त्रीनगर में फूफा के यहां भेज दिया। जहां से छात्रा गायब हो गई। छात्रा की बरामदगी के पुलिस सभी प्रयास कर रही है।
खास बातें
- सात अक्तूबर को शास्त्रीनगर से हुआ था छात्रा का अपहरण
- परिजनों ने छात्रा के परिजन के खिलाफ दर्ज कराया था मुकदमा