मेरठ। जागृति विहार विस्तार योजना क्षेत्र में बृहस्पतिवार देर शाम बाइक सवार तीन बदमाशों ने दवा व्यापारी की डस्टर गाड़ी पर फायरिंग कर दी। इस दौरान एक गोली शीशे से पार होकर अंदर जा घुसी। व्यापारी बाल-बाल बचा।
पुलिस के अनुसार लख्मी विहार निवासी संजय गुप्ता आयुर्वेदिक दवाओं के थोक व्यापारी हैं। उनके भाई विनय गुप्ता डॉक्टर हैं। संजय गुप्ता लोहियानगर के पास फैक्ट्री से अकेले ही डस्टर गाड़ी से घर लौट रहे थे। आवास-विकास फ्लैट के पास बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने बाइक लगाकर गाड़ी रोकने का इशारा किया। संजय ने गाड़ी रोकने की कोशिश की तो बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। सूचना पर पहुंचे एसओ मेडिकल मो. असलम ने गाड़ी से एक खोखा बरामद किया। उधर, पीड़ित पक्ष के लोग मेडिकल थाने पहुंचे और हमलावरों की गिरफ्तारी को लेकर हंगामा कर दिया। पीड़ित व्यापारी ने किसी से रंजिश होने से इंकार किया है। एसओ का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामला लेनदेन से भी जुड़ा हो सकता है।