मेरठ। कोतवाली में पार्षद आरिफ और भूरा की हत्या का मामला अभी ठंडा नहीं हुआ कि जेल से कुख्यात कासिफ उर्फ चीता ने फिर खूनखराबा करने की धमकी दी है। चीता बोला कि कोतवाली में जल्द फिर हत्या करा दूंगा। उसके टारगेट पर कुख्यात सलमान गैंग के जुड़े दो लोग हैं।
कुख्यात कासिफ उर्फ चीता कोतवाली में दो सप्ताह पूर्व हुए दोहरे हत्याकांड में साजिश रचने का मुल्जिम है। एसएसपी मंजिल सैनी ने दावा किया था कि आरिफ और भूरा की हत्या मेरठ जेल में बंद कासिफ उर्फ भूरा, फाईक, सारिक व शाहीन ने भाडे़ के शूटरों से कराई है। जिसके बाद चारों आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने मुकदमे में आरोपी बनाया था। अब कासिफ ने जेल से भेजी चिट्ठी में कहा है कि सलमान गैंग से जुडे़ दो लोगों की हत्या भी आरिफ की तरह होगी। पुलिस ने बताया कि आरिफ व भूरा की हत्या दिल्ली के शूटर नदीम ने की थी। चीता की धमकी के बाद शूटर नदीम की तलाश शुरू कर दी गई है। एसएसपी का कहना है कि जेल में बंद नामजद हत्यारोपियों से मुलाकात करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। चिट्ठी की जांच कराकर कासिफ पर धमकी का मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
खास बात
- चिट्ठी भेजकर कहा, पार्षद आरिफ को मारा और अभी दो और निशाने पर
- कोतवाली में आरिफ और भूरा की हत्या में साजिश रचने का मुल्जिम है चीता