मेरठ। लालकुर्ती के एक कॉलेज की छात्रा से रोजाना छेड़छाड़ करने के आरोपी को छात्रा के परिजनों ने बुधवार को दबोच लिया। आरोपी इसी कॉलेज का छात्र बताया गया, जिसे कॉलेज प्रशासन के पास ले जाया गया। कॉलेज प्रशासन ने आरोपी छात्र के परिजनों को बुलाकर चेतावनी दी कि यदि दोबारा ऐसी हरकत की तो उसे कॉलेज से निकाल दिया जाएगा।
12वीं कक्षा की इस छात्रा के परिजनों ने इस बाबत पुलिस से भी शिकायत की थी। लेकिन छेड़खानी की शिकायत पर पुलिस नहीं जागी तो अभिभावकों ने खुद कमान थाम ली। बुधवार को जब छात्रा घर से निकली तो परिजन योजनानुसार छात्रा से थोड़ी दूरी बनाकर आगे-पीछे चलने लगे। स्कूल के गेट के पास पहुंची छात्रा पर रोजाना की तरह मनचले छात्र ने कमेंट किया। जिस पर छात्रा के भाई और परिजनों ने आरोपी को पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। कॉलेज प्रशासन के आग्रह पर छात्रा के परिजनों ने पुलिस को सूचना नहीं दी।