मेरठ। हरियाणा से चोरी की बाइक सोतीगंज में कटने की सूचना पर बृहस्पतिवार को पुलिस और आरएएफ ने सोतीगंज में दबिश दी। पुलिस ने एक कबाड़ी के गोदाम पर छापा मारा तो एक कंपनी की 14 बाइक मिलीं। एक स्कॉर्पियो और एक स्कूटी बरामद कर पांच कबाड़ियों को हिरासत में लिया।
एसपी सिटी मानसिंह चौहान व एएसपी कैंट सतपाल सिंह शहर के आठ थानेदारों और एक कंपनी आरएएफ के जवानों को लेकर सोतीगंज में पहुंचे। पुलिस की चार टीमों ने सोतीगंज की घेराबंदी कर ली। राहुल काला कबाड़ी के गोदाम पर से टीवीएस कंपनी की 14 एक जैसी बाइक मिलीं। मौके पर मौजूद कबाड़ी ने बताया कि ये बाइक हरियाणा के यमुनानगर से नीलामी में छूटकर आईं हैं। पुलिस ने 14 बाइकों को सीज कर दिया।
उसके बाद एक संदिग्ध बाइक और मिली। पुलिस ने सलाउद्दीन कबाड़ी के गोदाम पर खड़ी स्कॉर्पियो की जांच की। संदिग्ध लगने पर उसे भी सीज कर दिया। पुलिस ने सोतीगंज में हिस्ट्रीशीटर हाजी गल्ला के गोदाम समेत कई जगहों पर दबिश दी, लेकिन कुछ नहीं मिला।
नीलामी में छुड़ाई थी 56 बाइक
एएसपी सतपाल सिंह ने बताया कि टीवीएस की डिफाल्टर बाइक हरियाणा के यमुनानगर में एक गोदाम में थीं, जिसमें से 56 बाइकों को सोतीगंज के कबाड़ियों ने एक महीने पहले छुड़ाया था। कबाड़ी उनके कागज होने का दावा भी कर रहे हैं। अब 14 बाइक बची हैं, अन्य बाइक उन्होंने बेच दीं। इसकी जांच करने सदर बाजार थाने से पुलिस को हरियाणा जांच करने के लिए भेजा जाएगा।
11 हजार में मिली थी बाइक
पुलिस के मुताबिक टीवीएस कंपनी का हेड ऑफिस हरियाणा में है। एक डिफाल्टर बाइक की कीमत 7500 रखी गई है। करीब 3500 रुपये उसका किराया माना जाता है। एक बाइक की कीमत करीब 11 हजार रुपये बताई है। बाइकों की नीलामी ऑनलाइन होती है। इसकी जांच की जा रही है।
दबिश पर उठाए सवाल
सोतीगंज के कबाड़ियों ने आरोप लगाए हैं कि पुलिस बेवजह दबिश देती और फिर वसूली करती है। हाजी गल्ला समेत कई कबाड़ियों पर पुलिस कार्रवाई नहीं कर पाई, लेकिन कई बेकसूर कबाड़ियों को दबिश देकर परेशान करती है। वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोतीगंज में चोरी और लूट के वाहन काटे जा रहे है। पुलिस उन पर शिकंजा कसेगी।