मेरठ। आबूलेन स्थित दो मंजिला कॉम्पलेक्स में दुकान पर कब्जे को लेकर रविवार रात दो व्यापारियों में हाथापाई हो गई। जिसके बाद आमने-सामने आईं दोनों पक्षों की महिलाओं ने नारेबाजी कर हंगामा कर दिया। पुलिस के सामने ही दोनों ने पक्षों ने ताले जड़ दिए। बाद में सदर पुलिस ने ये ताले तोड़कर अपना ताला लगा दिया। देर रात तक दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे थे।
इंस्पेक्टर सदर प्रशांत कपिल ने बताया कि आबूलेन पर दास मोटर्स के पास दो मंजिला कॉम्पलेक्स है। जिसके मालिक ने करीब ढाई साल पहले एक कंपनी के लिए दुकान किराए पर व्यापारी को दी थी। कंपनी बाद में ऑफिस छोड़कर चली गई। लेकिन कंपनी के डायरेक्टर ने ऑफिस खाली नहीं किया। मामला कोर्ट तक जा पहुंचा। देर शाम कॉम्पलेक्स मालिक अपने समर्थकों के साथ पहुंचे और दावा किया कि वह केस जीत गए हैं, जिसके बाद दुकान पर अपना ताला जड़ दिया। इसके बाद किराएदार पक्ष की महिलाएं आ गईं और उन्होंने अपना ताला लगा दिया। कहासुनी के बाद हाथापाई हो गई। इंस्पेक्टर ने बताया कि दोनों पक्षों ने पहले एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी। बाद में दोनों पक्षों के लोग समझौते में लगे थे।
- पुलिस के सामने दोनों पक्षों के व्यापारी आए आमने-सामने
- पुलिस ने दोनों व्यापारियों के ताले तोड़कर अपना ताला लगाया