पांच सितारा होटल में अफसरों की दावत पर खडे़ हुए सवाल
मेरठ। दिल्ली पुलिस ने चिकित्सक की बरामदगी के बाद शहर के महंगे पांच सितारा होटल में दावत की। टीम इसी होटल में पिछले कई दिनों से डेरा डाले हुए थी। इस ऑपरेशन के दौरान पुलिस टीम का महंगी गाड़ियों में घूमना, शहर के महंगे होटल में ठहरना और दावत उड़ाना कई अहम सवाल खड़े कर रहा है। आखिर इस टीम पर इतना खर्च कहां से हुआ?
छह जुलाई को अपह्त चिकित्सक की लोकेशन मेरठ में मिलने के बाद से ही दिल्ली पुलिस की टीमें मेरठ में जमी थी। बागपत रोड स्थित गॉडविन जैसे महंगे होटल में टीम ठहरी थी। होटल में रहने के अलावा खाने का भी खर्चा काफी महंगा है। पुलिस के पास इनोवा जैसी गाड़ियां थी जिनमें वह घूम रहे थे। शताब्दी नगर के लोगों के अनुसार दबिश के लिए भी टीमें सफेद रंग की इनोवा आदि गाड़ियों से पहुंचे थे। इस गाड़ी का किराया भी ढाई से तीन हजार रुपये प्रतिदिन बैठता है। चिकित्सक की बरामदगी के बाद पुलिस टीम सीधे होटल पहुंची और यहां खूब जश्न मना और पार्टी हुई। जाहिर है, इसमें भी अच्छा खर्च ही आया होगा। चर्चा तो यह है कि पूरी मुहिम पर नौ से दस लाख रुपये खर्च हुए हैं। यह खर्च कहां से आया, यह यक्ष प्रश्न है। हालांकि कहा जा रहा है कि यह खर्च उस कैब कंपनी ने उठाया जिसकी गाड़ी से चिकित्सक का अपहरण हुआ पर इस रकम को खर्च करने की इजाजत कहां से मिली।
नियमों से भी खिलवाड़
मुठभेड़ के बाद दिल्ली पुलिस का होटल मे जश्न मनाया, पार्टी करना। सरकारी नियम कायदे इसकी इजाजत नहीं देते हैं। क्या रात को एक होटल में पुलिस इस तरह जश्न मना सकती है।
चिकित्सक की बरामदगी के बाद दिल्ली पुलिस पकडे़ गए बदमाशों को परतापुर थाने ले जाने की बजाय लेकर सीधे होटल में गई। यदि होटल से बदमाश भाग जाते या कोई हादसा हो जाता तो उसका जिम्मेदार कौन होता ?
चिकित्सक की बरामदगी और बदमाशों की गिरफ्तारी के बाद बृहस्पतिवार तक भी दिल्ली पुलिस लोकल मीडिया के सामने नहीं आई। मीडिया के सामने ना तो चिकित्सक को पेश किया गया और ना ही बदमाशों को। सवाल उठता कि आखिर दिल्ली पुलिस ने ऐसा क्यों किया।
क्यों नहीं बुलाई फोरेंसिक टीम
मोहल्ले वालों के अनुसार मुठभेड़ के दौरान सोहनवीर के घर के अंदर और बाहर का फर्श खून में सना था। पुलिस ने पानी डालकर खून को साफ किया। सवाल उठता है कि आखिर पुलिस ने ऐसा क्यों किया। उसे खून साफ करने की इतनी क्या जल्दी थी। इसकी जांच होती। फोरेंसिक टीम जांच करती तो कुछ और तथ्य सामने आ सकते थे।
प्रमुख बातें==
- महंगा होटल, लग्जरी गाड़ियां, पार्टी और जश्न
- दिल्ली पुलिस के आपरेशन पर आखिर किसने किया इतना खर्चा