- सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया
- एक युवक हिरासत में, टीपीनगर थाना क्षेत्र के रोहटा रोड का मामला
फोटो
मेरठ। टीपीनगर थाना क्षेत्र के रोहटा रोड पर दो गुटों में हुई फायरिंग के दौरान एक राहगीर गोली लगने से घायल हो गया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है।
घटना शुक्रवार शाम करीब आठ बजे की है। रोहटा रोड पर फ्लाई ओवर के निकट कुछ बाइक सवार युवक पहुंचे। किसी बात को लेकर इन युवकों में गहमा-गहमी हो गई। तभी एक युवक ने तमंचा निकालकर एक के बाद एक कई फायर झोंक दिए। उसी दौरान गोलागढ़ निवासी रामबीर पुत्र ओमप्रकाश सब्जी लेकर घर लौट रहा था। फायरिंग के दौरान एक गोली रामबीर के बायें पैर में जा लगी। एकाएक गोली चलने से पूरे क्षेत्र में खलबली मच गई। आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जांच पड़ताल के बाद सरस्वती विहार निवासी प्रथम को पुलिस ने धर दबोचा। इंस्पेक्टर टीपीनगर प्रमोद गौतम ने जानकारी दी कि छात्रों के दो गुटों में विवाद हुआ था। इसी दौरान किसी ने फायरिंग की और गोली लगने से राहगीर घायल हुआ। एक शख्स को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। विवाद की वजह फिलहाल साफ नहीं हुई है। अन्य युवकों में हर्ष, विकास, नीशू गुर्जर, प्रिंस चौधरी, अंकित, तुषार गुर्जर निवासीगण शोभापुर के नाम सामने आए हैं। जल्द उन्हें भी हिरासत में लेकर पूछताछ होगी।