मेरठ। दानिश हत्याकांड में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर शनिवार को सौ से अधिक लोगों ने शास्त्रीनगर से लेकर कलक्ट्रेट तक मौन जुलूस निकाला। एसएसपी ऑफिस पर प्रदर्शन करते हुए नौचंदी पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।
लोहियानगर बुद्घा गार्डन निवासी दानिश और उसके भाई शोएब पर सात अगस्त को शास्त्रीनगर सेक्टर -11 में गोेलियां बरसा दीं गई थी। हमले में दानिश की मौत हो गई थी। वहीं, शोएब का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
शनिवार को जब्बार प्रधान और मुनकाद अजराड़ा के साथ 100 से अधिक लोग पैदल मार्च करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। कलक्ट्रेट और कमिश्नरी में शिकायती पत्र देते हुए फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। उसके बाद भीड़ एसएसपी ऑफिस पहुंची और नारेबाजी की। एसएसपी ऑफिस पर पुलिस ने महिलाओं को रोकने की कोशिश की तो भीड़ पुलिस से धक्कामुक्की कर पुलिस ऑफिस में घुस गई। पीड़ित परिजनों ने एसएसपी से शिकायत करते हुए कहा कि दस दिन से ज्यादा समय बीत गया है। लेकिन पुलिस आरोपियों पर कार्रवाई नहीं कर रही है।
पीड़ित परिवार का सब कुछ चला गया। जब थाने में जाकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हैं तो पुलिस कार्रवाई का आश्वासन देकर टरका देती है। एक युवक की हत्या हो गई और दूसरा भाई जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। यदि हत्यारोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो पीड़ित परिवार नौचंदी थाने में ही धरने पर बैठेगा। एसएसपी राजेश कुमार पांडेय ने इस मामले में सीओ सिविल लाइन और नौचंदी पुलिस को कड़ी फटकार लगाई। एसएसपी ने पीड़ित लोगों को आश्वासन देते हुए कहा कि पुलिस आरोपियों के घर दबिश दे रही है। कोर्ट से वारंट लेकर कुर्की की जाएगी।