मेरठ। भूडबराल परतापुर में मंगलवार रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। ससुराल पक्ष का दावा है कि उसने फांसी लगाकर आत्महत्या की है, जबकि मायके पक्ष ने हत्या का आरोप लगाया है।
पुलिस के अनुसार सूचना मिली कि भूडबराल गांव में निशु की पत्नी प्रिया की संदिग्ध हालत में मौत हो गई है। पुलिस मौके पर पहुंची तो ससुराल वालों ने बताया कि प्रिया ने घरेलू विवाद के चलते खुद को कमरे में बंद करके फांसी लगा ली है। उन्होंने कमरे का दरवाजा खोलकर उसे नीचे उतरा लेकिन बचा नहीं सके। ससुराल पक्ष ने इसे आत्महत्या का मामला बताया। उधर मौके पर पहुंचे मायके पक्ष का कहना था कि उन्होंने वर्ष 2011 में प्रिया पुत्री प्रमोद की शादी निशु से की थी, लेकिन ससुराल वाले उसे परेशान करते थे।
उन्होंने प्रिया की हत्या का अंदेशा जताया। इंस्पेक्टर परतापुर ने बताया कि उनके पहुंचने से पहले ही ससुराल पक्ष के लोग वहां से गायब हो चुके थे। बकौल इंस्पेक्टर प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मायके पक्ष ने हत्या के आरोप लगाए हैं। उनकी तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।