मेरठ। मेडिकल थाना क्षेत्र की एक कालोनी में हॉकी खिलाड़ी से छेड़छाड़ का मामला मंगलवार रात फिर से एसएसपी के पास पहुंच गया।पीड़िता का आरोप है कि पड़ोस का एक युवक उसे परेशान करता है। कई बार आरोपी तेजाब डालने की धमकी दे चुका है। आरोपी के डर से उसने घर से निकलना भी बंद कर दिया है। अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज किया था। वहीं आरोपी युवक की बहन ने भी हॉकी खिलाड़ी के भाई पर छेड़छाड़ के आरोप लगा दिए।
मंगलवार को छात्रनेता डॉ. रवि प्रकाश हॉकी खिलाड़ी के साथ एसएसपी से मिले। कहा कि कार्रवाई करने के बजाय पुलिस ने क्रास केस दर्ज कर लिया। एसएसपी राजेश पांडेय ने पूरे मामले में जांच के निर्देश दिए हैं। एसओ मेडिकल सतीश कुमार का कहना है कि दोनों पक्षों में पुराना विवाद चल रहा है। उच्च अधिकारियों के निर्देश और तहरीर के आधार पर दोनों पक्षों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।