कंकरखेड़ा। कक्षा सात की छात्रा से अपहरण के बाद दुष्कर्म के मामले में शुक्रवार को पुलिस पीड़ित पक्ष के घर पहुंची। इस दौरान परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस उचित धाराओं में केस दर्ज करने का आश्वासन तो दे रही है। लेकिन कार्रवाई नहीं कर रही। इसकी शिकायत एसएसपी और आईजी से मिलकर की जाएगी।
छात्रा के परिजनों ने बताया कि शुक्रवार को पीड़िता के कोर्ट में बयान दर्ज होने थे। लेकिन पुलिस ने नहीं कराए। आरोप है कि इस केस के विवेचक द्वारा आश्वासन दिया जा रहा है कि सभी आरोपियों पर धाराएं बढ़ाई जाएंगी। लेकिन उन्हें पुलिस पर भरोसा नहीं है। क्योंकि पुलिस आरोपियों के दबाव में काम रही है। वहीं, सीओ दौराला पंकज कुमार सिंह का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर धाराएं बढ़ाई जाएंगी। इस मामले में दुष्कर्म, अपहरण, छेड़छाड़ व पॉक्सो एक्ट में कार्रवाई की चुकी है।
साक्ष्य नहीं तो बाकी आरोपियों पर क्यों की कार्रवाई
सीओ दौराला का कहना है कि फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि सिर्फ आरोपी योगेश उर्फ मन्नू ही छात्रा को कार से उतारकर होटल में ले जा रहा है। बाकी आरोपी फुटेज में नहीं हैं। जबकि छात्रा का कहना है कि बाकी आरोपी भी साथ थे और उन्हें तमंचे से आतंकित कर उसकी अश्लील वीडियो व फोटो बनाई। परिजनों का कहना है कि जब बाकी आरोपी फुटेज में ही नहीं हैं तो फिर पुलिस ने बाकी आरोपियों के खिलाफ कैसे छेड़छाड़, अपहरण व पॉक्सो एक्ट में केस दर्ज कर लिया और एक आरोपी सतेंद्र को इन धाराओं में भी जेल भेज दिया। पुलिस आरोपियों से साठगांठ किए हुए हैं इसलिए उन्हें बचाने में लगी है। वहीं, पीड़ित पक्ष का कहना है कि पुलिस ने इस केस में आर्म्स एक्ट भी नहीं लगाया। सीओ का कहना है कि तमंचा बरामद होने पर आर्म्स एक्ट भी लगाया जाएगा।