- ऋषभ क्रिकेट एकेडमी में हुआ आयोजन, कई जिलों से पहुंचे खिलाड़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। प्रदेश स्तरीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय सीनियर पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन 23 से 29 अक्तूबर तक सुखदेव पहलवान स्पोर्ट्स स्टेडियम आजमगढ़ में किया जाएगा। प्रतियोगिता के लिए क्षेत्रीय खेल विभाग की ओर से शुक्रवार को ऋषभ क्रिकेट एकेडमी में मंडल स्तरीय ट्रायल किया गया। इसमें 140 से अधिक क्रिकेटरों ने प्रतिभा दिखाई। क्रिकेटरों ने गेंदबाजी और बल्लेबाजी में शानदार प्रदर्शन कर अपना दावा पेश किया। मेरठ समेत छह जिलों से क्रिकेटर ट्रायल देने पहुंचे।
क्रिकेट कोच अतहर अली ने बृहस्पतिवार को जिला स्तरीय ट्रायल प्रक्रिया को पूरा कराया। उसके बाद शुक्रवार को मंडलीय स्तरीय ट्रायल कराए। इस दौरान गाजियाबाद, बुलंदशहर, गौतमबुद्धनगर समेत आसपास के जिलों से बच्चे ट्रायल देने पहुंचे। किसी ने गेंदबाजी में तो किसी ने बल्लेबाजी में शानदार प्रदर्शन किया। कीपिंग के लिए भी 30 से अधिक खिलाड़ियों ने ट्रायल दिया। यहां 140 के अधिक खिलाड़ी ट्रायल देने पहुंचे।
कोच अतहर अली ने बताया कि ट्रायल प्रक्रिया को पूरा कर लिया गया है। मंडलीय टीम की घोषणा शनिवार तक की जाएगी। इस दौरान गाजियाबाद से आए क्रिकेट कोच व आसपास मेरठ में स्थित एकेडमियों से भी कोच बच्चों के साथ ट्रायल प्रक्रिया में हिस्सा लेने पहुंचे।