भामाशाह पार्क मंगलवार को इंडिया टीम के स्टार खिलाड़ियों से सज गया। टीम इंडिया के मध्यक्रम के बल्लेबाज सुरेश रैना ने मैदान पर जमकर पसीना बहाया। मेरठी स्टार भुवनेश्वर कुमार, प्रवीण कुमार ने भी अपनी गेंदों की धार तेज की। रणजी मैच के लिए लेग स्पिनर पीयूष चावला, परविंदर ने भी प्रैक्टिस की।
शाम करीब साढ़े चार बजे मेरठ के दामाद सुरेश रैना, प्रवीण कुमार के साथ भामाशाह पार्क पहुंचे। उन्हें देखकर प्रैक्टिस कर रहे युवा खिलाड़ियों में उत्साह भर गया। कुछ देर बाद मैदान पर भुवनेश्वर कुमार, स्पिनर पीयूष चावला, परविंदर सिंह, कर्ण शर्मा भी पहुंच गए।
सभी खिलाड़ियों ने भामाशाह पार्क में जमकर प्रैक्टिस कर पसीना बहाया। सुरेश रैना ने बल्लेबाजी से लेकर फील्डिंग तक में हाथ आजमाए। उन्हें अक्तूबर में साउथ अफ्रीका से होने वाले वन डे में खेलना है। भुवी ने अपनी आग उगलती गेंदों की लय पर ज्यादा ध्यान दिया। स्पिनर पीयूष चावला ने बल्ले के साथ गेंदबाजी में हाथ आजमाया। परविंदर और कर्ण ने भी बल्लेबाजी का अभ्यास किया। इस दौरान यूपीसीए के ट्रेनर रोहित भी मौजूद रहे।
युवा खिलाड़ियों को दिए टिप्स
सुरेश रैना को देख युवा क्रिकेटरों में उत्साह भर गया। रैना ने उन्हें बल्लेबाजी के टिप्स दिए। खिलाड़ियों ने पीयूष चावला, प्रवीण कुमार, भुवी से भी परामर्श लिया।
सभी को चाहिए आटोग्राफ
युवा क्रिकेटरों ने सुरेश रैना समेत अन्य खिलाड़ियों से आटोग्राफ लिए। सबसे ज्यादा भीड़ सुरेश रैना के पास आटोग्राफ लेने के लिए लगी रही।