लावड़ - क्रिकेट ग्राउंड में रखी सीमेंट की बेंच टूटी पड़ी। स्रोत : मैदान संचालक
लावड़। जमालपुर रोड स्थित नेशनल क्रिकेट ग्राउंड में अराजक तत्वों द्वारा तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस को शिकायत पत्र देकर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
मेन रोड कस्बा लावड़ निवासी साईम रिजवी ने लावड़ चौकी में पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह जमालपुर रोड पर क्रिकेट ग्राउंड संचालित करते हैं। सोमवार सुबह जब वह ग्राउंड पर पहुंचे तो वहां रखा काफी सामान टूटा हुआ मिला। आरोप है कि ग्राउंड में लगी पत्थर वाली सीटें, बाउंड्री पोल, मोटर के पाइप क्षतिग्रस्त मिले। इसके अलावा ग्राउंड में लगी लकड़ी की बेंच भी टूटी पड़ी थीं। पीड़ित के अनुसार ग्राउंड में रखे अन्य सामान को भी नुकसान पहुंचाया गया है। वहीं पिच को नुकसान पहुंचाने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला रोलर पास के खेत में पड़ा मिला। साईम रिजवी ने अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। उनका कहना है कि तोड़फोड़ से उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ है।