संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। थाना क्षेत्र के मटौर गांव में प्रेम विवाह के बाद एक नवविवाहित जोड़े ने दौराला थाना पहुंचकर सुरक्षा की गुहार लगाई। युवती ने मायका पक्ष से जान का खतरा बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
मटौर गांव निवासी रवि ने मुजफ्फरनगर निवासी अपनी रिश्तेदार श्वेता के साथ गाजियाबाद कोर्ट में विवाह कर लिया। विवाह के बाद दोनों गांव स्थित अपने घर में रहने लगे। सोमवार को विवाह की जानकारी मिलने पर युवती के परिजन युवक के घर पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे की सूचना पर दौराला पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद नवविवाहित जोड़ा थाने पहुंचा और युवती के परिजनों से जान का खतरा बताते हुए तहरीर दी।
पुलिस के अनुसार सूचना मिलने पर युवती के परिजन भी थाने पहुंचे और अपना पक्ष रखा। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। युवती ने मायका जाने से साफ इन्कार कर दिया और पति के साथ रहने की बात कही। उसने अपने परिजनों पर ही जान के खतरे का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। थाना पुलिस ने दोनों को उनकी इच्छा अनुसार साथ रहने और सुरक्षा का आश्वासन दिया। इसके बाद नवविवाहित जोड़ा मटौर गांव स्थित अपने घर लौट गया।