माछरा निवासी दंपती बेटे संग बाइक पर मालीपुर गांव से लौट रहे थे
संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। थाना क्षेत्र के गांव मालीपुर से शादी समारोह से लौट रहे एक दंपती के साथ मध्य गंग नहर पटरी पर कुछ नकाबपोश अज्ञात बदमाशों ने लूटपाट और मारपीट की घटना को अंजाम दिया और जेवरात लूटकर भाग गए। घायल अवस्था में दंपती किसी तरह अपने गांव पहुंचा। ग्रामीणों के साथ थाने पहुंचकर तहरीर दी।
थाना किठौर क्षेत्र के माछरा निवासी शिवा अपनी पत्नी अंजली और पुत्र आयुष के साथ मंगलवार को थाना हस्तिनापुर क्षेत्र के गांव मालीपुर में अपनी मौसी की बेटी के शादी समारोह में शामिल होने आए थे। शाम करीब साढ़े छह बजे दोनों दंपती बेटे के साथ बाइक से मध्य गंग नहर की पटरी से घर लौट रहे थे। वह मालीपुर पुल से आगे नहर पटरी पर पहुंचे तो पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने दंपती के साथ मारपीट शुरू कर दी। शिवा के गले में पड़ी चांदी की चेन और अंजली के गले से सोने का मंगलसूत्र झपट लिया। मारपीट में शिवा के सिर और अंजली के पैर में चोट आई है। पुत्र आयुष को बदमाशों ने कोई नुकसान नहीं पहुंचाया।
घटना के बाद घायल दंपती वापस मालीपुर पहुंचे। ग्रामीणों ने उन्हें थाने पहुंचाया। थानाध्यक्ष शशांक द्विवेदी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। सीओ पंकज लवानिया ने बताया कि थाना पुलिस आरोपियों की तलाश में लगी है। जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।