संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। चिरौड़ी गांव में घर में घुसकर युवक पर सरिया, डंडे और तमंचे से हमला करने का मामला सामने आया है। बीच-बचाव करने पहुंची युवक की पत्नी के साथ भी आरोपियों ने मारपीट और गाली-गलौज की। पीड़ित की तहरीर पर दौराला पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव चिरौड़ी निवासी अंकित ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 15 अगस्त की सुबह करीब 8:00 बजे हिमांशु उर्फ संजय, अभिषेक, अमंत उर्फ सचिन समेत चार लोग उसके घर में घुस आए। आरोपियों ने सरिया, डंडे और तमंचे से उस पर हमला कर दिया। मारपीट में अंकित के सिर, हाथ, उंगली और पैर में चोटें आईं। शोर सुनकर अंकित की पत्नी अनुराधा मौके पर पहुंची और पति को बचाने का प्रयास किया। आरोप है कि हमलावरों ने उसके साथ भी मारपीट की और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। अंकित के अनुसार, छह अगस्त को भी आरोपियों ने उस पर हमला करने का प्रयास किया था। उस दौरान उसकी पत्नी ने घटना का वीडियो बना लिया था। पीड़ित ने बताया कि मारपीट में घायल होने के कारण इलाज कराने में समय लग गया, जिसके चलते पुलिस को तहरीर देने में देरी हुई।